CG टाइगर खतरे में : दो युवकों को मारने वाला टाइगर भी फरसे के वार से गंभीर रूप से घायल, अब उसे बचाने की जद्दोजहद

सूरजपुर / रायपुर. जंगल में लकड़ी लेने गए तीन युवकों पर हमला करने वाला टाइगर अब खुद खतरे में है. युवकों ने अपने बचाव के लिए फरसे से वार किया था. इससे टाइगर को गंभीर चोट आई है. वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है. तमोरपिंगला से कुमकी हाथी मंगाए गए हैं, जिससे टाइगर के पास जा सकें. साथ ही, ट्रंक्वीलाइज करने की कोशिश की जाएगी, जिससे उसे इलाज के लिए ले जाया जा सके.
सूरजपुर के ओड़गी के जंगल में लकड़ी लेने गए युवक और टाइगर के बीच भिडंत में घायल दो युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक अन्य अस्पताल में है. घायल युवक ने बताया कि अपने बचाव के लिए उन लोगों ने भी फरसे से वार किया था. इससे उसे भी चोटें आई है. टाइगर जिस जगह बैठा है, उसके 100 मीटर तक वन विभाग की टीम पहुंच चुकी है. हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उसे कितनी चोटें आई है. पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ सुधीर अग्रवाल ने बताया कि तमोरपिंगला से कुमकी हाथी मंगाए गए हैं. ड्रोन की मदद से भी टाइगर की स्थिति को देखने की कोशिश की जा रही है. इसके बाद ट्रंक्वीलाइज कर हॉस्पिटल ले जाया जाएगा. यहां देखिए वीडियो...
पीसीसीएफ व हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स संजय शुक्ला ने कहा कि मुख्यालय से निगरानी की जा रही है. गांव के लोग उस ओर न जाएं, इसका ख्याल रखा जा रहा है. साथ ही, टाइगर को बचाने के लिए भी टीम जुटी हुई है.
ग्रामीणों ने मार डाला था टाइगर को
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में ग्रामीणों ने एक टाइगर को मार डाला था. यह घटना सितंबर, 2011 में घटी थी. सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने बखरूटोला क्षेत्र में टाइगर, जो कि एक मादा थी, को पीट पीटकर मार डाला. यह सब वन विभाग के लोगों की मौजूदगी में हुआ था और राष्ट्रीय स्तर पर लापरवाही को लेकर निंदा हुई थी. इसके बाद NTCA द्वारा भी टाइगर के मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है. यही वजह है कि वन अमला कोई भी लापरवाही नहीं करना चाहता है.
