Begin typing your search above and press return to search.

पत्नी ने ही किया था मर्डर: प्रेमी को जलाने 30 साल बड़े स्वास्थ्य कर्मी से किया ब्याह, फिर मार डाला; मर्डर वैपन पर उलझी रही पुलिस

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू से हत्या का उल्लेख था। पुलिस चाकू खोज रही थी, लेकिन पत्नी ने कैंची से किया था वार।

पत्नी ने ही किया था मर्डर: प्रेमी को जलाने 30 साल बड़े स्वास्थ्य कर्मी से किया ब्याह, फिर मार डाला; मर्डर वैपन पर उलझी रही पुलिस
X
By NPG News

महासमुंद। 55 साल के स्वास्थ्य कर्मी की हत्या में आखिरकार पुलिस ने आरोपी को ढूंढ निकाला। स्वास्थ्य कर्मी की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी 30 साल छोटी पत्नी ने की थी। पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच की, लेकिन मर्डर वैपन ने उलझा दिया। पुलिस चाकू की तलाश करती रही, क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने लिखा था कि चाकूनुमा हथियार से हत्या हुई है, जबकि पत्नी ने कैंची से वार किया था। आगे पढ़ें, किस तरह पुलिस मुख्य संदेही के सामने होने के बाद भी उलझती रही...

खल्लारी थाना क्षेत्र के तमोरा गांव में 25 सितंबर की रात रामकुमार दीवान (55 वर्ष) की हत्या हो गई। रामकुमार स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी थे। जब हत्या हुई, तब साथ में रामकुमार की पत्नी भुवनेश्वरी थी। उसने परिजन को बताया कि पति का शरीर किसी अनजान बीमारी से अलग-अलग जगह से फट रहा है। शरीर से खून निकल रहा है। पुलिस को भी ऐसी ही सूचना दी गई। जब पुलिस पहुंची, तब रामकुमार घर के बरामदे में लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके बाएं गाल, गले, सीने, कलाई, भुजा और हथेली पर चोट के निशान थे।

रामकुमार को अचेत अवस्था में हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने लिखा कि चाकूनुमा धारदार हथियार से हत्या हुई है। पुलिस ने हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया। जिस समय यह घटना हुई थी, उस समय भुवनेश्वरी ही साथ में थी, इसलिए पुलिस का संदेह उस पर था। पुलिस ने नजर रखनी शुरू की। गांव में पुलिस टीम के कुछ लोगों ने कैम्प किया। इसके बाद कई तरह के किस्से सामने आए।

इसमें एक कहानी यह भी थी कि भुवनेश्वरी का एक प्रेमी भी है, लेकिन जब पुलिस ने कॉल डिटेल निकालकर देखा तो उसमें प्रेमी से लगातार संपर्क या प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की बात सामने नहीं आई। बातचीत के लिए भी दोनों वाट्सएप कॉलिंग का इस्तेमाल करते थे। प्रेमी से पूछताछ में भी कुछ पता नहीं चल पाया। रामकुमार के आर्थिक रूप से संपन्न होने के कारण आर्थिक लाभ का एंगल भी देखा गया, लेकिन कोई बाहरी व्यक्ति नहीं मिला। इस वजह से पुलिस की जांच भुवनेश्वरी पर ही टिक गई। अंतिम क्रियाकर्म की वजह से करीब 13 दिन पुलिस कोई सख्ती नहीं कर सकी। भुवनेश्वरी की आठ महीने की बच्ची भी है, इसलिए भी थोड़ी नरमी बरतनी पड़ी, लेकिन लगातार निगरानी की गई। आखिरकार जब सारे बिंदू भुवनेश्वरी से जुड़े तब पुलिस ने सख्ती करने का फैसला किया।

शादी की लेकिन पति नहीं मान पाई

पुलिस ने बताया कि भुवनेश्वरी जिस लड़के से प्रेम करती थी, उससे झगड़ा हो गया। उसने अपने प्रेमी को जलाने के लिए अपने से 30 साल बड़े रामकुमार से शादी की। रामकुमार पैसे से भी संपन्न थे। दोनों की आठ महीने की एक बेटी भी है। शादी के बाद भी प्रेमी से संपर्क बना हुआ था। भुवनेश्वरी ने शादी तो कर ली थी, लेकिन रामकुमार को पति नहीं मान पा रही थी। दाम्पत्य सुख को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था। घटना की रात यानी 25 सितंबर को भी रामकुमार ने शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की तो भुवनेश्वरी ने रोका। दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद भुवनेश्वरी ने घर की सिलाई मशीन के पास रखी कैंची उठाई और उससे शरीर के कई जगह वार किया।

रामकुमार करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। इसी बीच घर का नौकर गेंदू उठ गया था। भुवनेश्वरी ने एक किस्सा रचा कि किसी बीमारी के कारण शरीर के अलग-अलग जगह से खून निकल रहा है। भुवेनश्वरी ने कैंची को धोकर छिपा दिया था, इसलिए उस समय के लिए लोगों ने मान लिया था। पुलिस की पूछताछ के बाद भुवनेश्वरी ने अपना जुर्म कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची को जब्त किया। एसपी भोजराम पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज-कॉल डिटेल आदि की मदद ली गई। पत्नी पर ही संदेह था। पूछताछ के बाद आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल किया।

Next Story