नड्डा आएंगे 9 को: हल्ला बोल के बाद अब भाजपा अध्यक्ष की बड़ी सभा की तैयारी... कई विधानसभा के प्रभारी बदले
राजधानी में आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक में जगतप्रकाश नड्डा और बीएल संतोष शामिल होंगे।

रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा 9 सितंबर को रायपुर आएंगे। वे 10, 11 और 12 को आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक में हिस्सा लेंगे। इससे पहले 9 सितंबर को उनकी बड़ी सभा कराने की तैयारी है। इस पर चर्चा के लिए शनिवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक रखी गई। इसमें प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, सह प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय शामिल हुए।
बेरोजगारी के मुद्दे पर हल्ला बोल में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ प्रभारी पुरंदेश्वरी सुबह रायपुर पहुंचीं। उनके साथ सह प्रभारी नितिन नबीन भी आए थे। इसके बाद 11 बजे से ठाकरे परिसर में बैठक शुरू हुई। इस बैठक में हल्ला बोल में जुटी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह के लिए प्रभारी ने सभी को बधाई दी। साथ ही, यह तय किया गया कि अब चुनाव तक यही टेम्परामेंट बरकरार रखना है। इसके बाद विधानसभा प्रभारियों के रूप में कुछ नए नाम का ऐलान किया गया।
हल्ला बोल के बाद अब एक बड़ी सभा की तैयारी शुरू की गई है। यह सभा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की कराने की तैयारी है। इसमें 50 हजार के आसपास भीड़ लाने का लक्ष्य तय किया गया है। हालांकि अभी कार्यक्रम स्थल तय नहीं है। दरअसल, आरएसएस की समन्वय बैठक 10, 11 और 12 सितंबर को राजधानी में है। इसमें सर संघ चालक मोहन भागवत के साथ सभी आनुषांगिक संगठनों के अखिल भारतीय अध्यक्ष/संयोजक और संगठन मंत्री शामिल होंगे। इसमें नड्डा के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी होंगे।
साय के तेवर पर भाजपा में अचरज
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय के तेवर पर भाजपा नेताओं में अचरज है। साय को सभी ने सरल और सौम्य स्वभाव में ही देखा है, लेकिन जो वीडियो वायरल है, उसे देखकर भाजपा में यह चर्चा है कि अध्यक्ष रहते उनके यही तेवर होते तो शायद नया अध्यक्ष बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि इस पर नेता कुछ भी खुलकर कहने से बच रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि इन विषयों पर सवाल-जवाब न हो, इसलिए अचानक प्रभारी की प्रेस कांफ्रेंस स्थगित कर दी गई।
