Begin typing your search above and press return to search.

क्या जड़ी-बूटी लाए हैं जामवाल: भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पर कांग्रेस का तंज- पुरंदेश्वरी का हंटर नहीं चला, अब क्या...

क्या जड़ी-बूटी लाए हैं जामवाल: भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री पर कांग्रेस का तंज- पुरंदेश्वरी का हंटर नहीं चला, अब क्या...
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा के नए क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल की बैठकों पर कांग्रेस की पहली प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने तंज किया है कि 15 साल की कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार की काली कमाई से रमन सरकार के मठाधीश नेताओं की चमड़ी इतनी मोटी हो गई है कि छत्तीसगढ़ प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी का हंटर भी काम नहीं आया। अब जामवाल कौन सी जड़ी-बूटी लेकर आए हैं।

कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष शुक्ला ने कहा कि पहले भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी हंटर लेकर गुटबाजी को खत्म करने का प्रयास करती थी, लेकिन असफल रहीं। भाजपा में गुटबाजी का आलम यह है कि कोई नेता एक दूसरे का नेतृत्व स्वीकार करने को तैयार नहीं है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने स्वयं कहा था कि विष्णुदेव साय को हटाकर आधा दर्जन लोग अध्यक्ष बनने के लिए कपड़ा सिलवा कर बैठे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता नंद कुमार साय बयान दे चुके हैं कि वर्तमान अध्यक्ष लायक नहीं हैं। उनमें आक्रामकता का अभाव है। पुरंदेश्वरी बेचारी गुटबाजी के कारण किसी भी भाजपा नेता को दौरे पर लेकर नहीं जाती थीं।

शुक्ला ने कहा कि भाजपा की प्रदेश प्रभारी के पास इतनी ताकत और शक्ति नहीं है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर सकें और समस्याओं का निराकरण कर सकें। भाजपा के कार्यकर्ता 15 साल के मठाधीश नेताओं से मुक्ति चाहते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर कई दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने नेतृत्वहीनता की बात को सार्वजनिक तौर पर कहा है। ऐसे में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अजय जामवाल का भी छत्तीसगढ़ में मेहनत करना निरर्थक है।

संचार विभाग के अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के नेता निरंतर छत्तीसगढ़ विरोधी कृत्य में लगे हुए हैं। केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के साथ भेदभाव और सौतेला व्यवहार करती है तो यही भाजपा के नेता मौन रहते हैं। भाजपा एक सशक्त विपक्षी दल होने की भूमिका भी नहीं निभा पा रही है।

Next Story