Begin typing your search above and press return to search.

हर जिले में मॉडल PDS दुकानें: छत्तीसगढ़ में ऐसी उचित मूल्य दुकानें खुलेंगी जहां राशन के साथ डेलीनीड्स के अन्य सामान भी मिलेंगे, बैंकिंग सुविधा भी

हर जिले में मॉडल PDS दुकानें: छत्तीसगढ़ में ऐसी उचित मूल्य दुकानें खुलेंगी जहां राशन के साथ डेलीनीड्स के अन्य सामान भी मिलेंगे, बैंकिंग सुविधा भी
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ के हर जिले में मॉडल शासकीय उचित मूल्य की दुकानें खोली जाएंगी। इसमें राशन के साथ-साथ डेलीनीड्स के अन्य सामान भी मिलेंगे। साथ ही, बैंकिंग कॉरस्पोंडेंट की भी सुविधा मिलेगी। चरणबद्ध तरीके से ये दुकानें शुरू की जाएंगी। इसकी तैयारियों के संबंध में खाद्य सचिव टोपेश्वर वर्मा व खाद्य संचालक सत्यनारायण राठौर ने अधिकारियों की बैठक ली।

खाद्य सचिव टोपेश्वर वर्मा ने खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक में खाद्य अधिकारियों को राज्य के हर जिले में जिला प्रशासन के सहयोग से मॉडल राशन दुकान शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और कस्टम मिलिंग की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नवीन धान खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। सभी जिलों में राइस मिलों के पंजीयन का कार्य पूर्ण कर धान का उठाव तेजी से किया जाए।

खाद्य विभाग के संचालक सत्यनारायण राठौर ने बैठक में कहा कि नवम्बर की राशन सामग्री का भंडारण समय पर करने के साथ ही क्लोजिंग स्टॉक की गणना की कार्यवाही सभी जिलों द्वारा पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि राशन कार्डों में आधार सीडिंग हेतु शेष सदस्यों की कार्यवाही नवंबर माह में पूर्ण की जाए। नवीन जिलों में प्रोग्रामर व कम्प्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था की जाए। उचित मूल्य दुकानों के संचालन को आर्थिक रूप से अधिक लाभदायक बनाए जाने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, दूरसंचार विभाग, ऑयल कंपनियों और नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा दिए गए सुझाव अनुसार नवीन योजनाएं उचित मूल्य दुकानों में लागू की जाए।

बैठक में खाद्य विभाग के अपर संचालक राजीव जायसवाल, अजय कुमार अग्रवाल, संयुक्त संचालक दयामणी मिंज, विक्रमराम भगत, नागरिक आपूर्ति निगम के कंपनी सचिव संदीप अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक संतोष अग्रवाल और प्रदेश के सभी खाद्य नियंत्रक व खाद्य अधिकारी उपस्थित थे।

Next Story