गाज से 5 की मौत: खेत में काम कर रहे किसानों पर आसमानी आफत, 5 की मौत, 3 झुलसे; एक किसान की 23 भेड़ें भी मरीं

जांजगीर। खेतों में काम कर रहे किसानों पर शनिवार की शाम आसमानी आफत गारी। तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग झुलस गए। इनमें दो महिलाओं की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा भेड़ चराने गए किसान की 23 भेड़ें भी गाज गिरने से मर गईं।
जानकारी के मुताबिक आज शाम को तेज गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। इस दौरान पांच जगहों पर बिजली गिरी। पहली घटना चांपा इलाके के सिवनी गांव की है, जहां खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के लोग बिजली की चपेट में आ गए। इसमें 45 साल के विजय कुमार राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विजय की पत्नी धनेश्वरी राठौर और मां श्याम कुमार गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।
दूसरी घटना अकलतरा थाना क्षेत्र की है। यहां मुधवा गांव के 55 साल के महेश राम डोंगरे की बिजली गिरने से मौत हो गई। जब बिजली गिरी तक डोंगरे अपने बेटे, भतीजे और भाई के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी तरह देवकिरारी गांव में 18 साल की श्याम कुमारी यादव औश्र 35 साल के अमित यादव की बिजली गिरने से मौत की घटना सामने आई है। चौथी घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के भट्ठी गांव की है। यहां के 55 साल के दिलीप कुमार खेत से काम कर लौट रहे थे, तभी बिजली गिरी और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बिजली चमकी और 23 भेड़ें मर गईं
पामगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव के एक किसान अपनी 70 भेड़ों को चराने के लिए ले गए थे। जब बारिश तेज हुई तो वे बचने के लिए एक पेड़ की छांव में चले गए। इस बीच जोरदार बिजली चमकी जो भेड़ों की झुंड की ओर गिरी। इसमें 23 भेड़ों की मौत हो गई। किसान ने पामगढ़ थाने में यह सूचना दी है।
