Begin typing your search above and press return to search.

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 6 से: ओलंपिक में दलीय और एकल श्रेणी में 14 पारंपरिक खेल शामिल, तीन महीने तक आयोजन, ये खेल शामिल

सीएम भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट की बैठक में लिया गया था निर्णय। खाका तैयार। 6 स्तरों में आयोजन।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 6 से: ओलंपिक में दलीय और एकल श्रेणी में 14 पारंपरिक खेल शामिल, तीन महीने तक आयोजन, ये खेल शामिल
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। इसकी शुरुआत 6 अक्टूबर से होगी। इसमें दलीय व एकल श्रेणी के 14 पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। पंचायत और नगरीय प्रशासन विभाग के आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। 6 स्तरों में आयोजन किया जाएगा, जो तीन महीने तक चलेगा। 6 जनवरी को समापन होगा। बता दें कि सीएम भूपेश बघेल की अध्यक्षता में 6 सितंबर को कैबिनेट की बैठक हुई थी। इसमें छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन का निर्णय लिया गया था। इसके बाद खेल विभाग ने कार्ययोजना बनाई है।

दो श्रेणी में 14 तरह के खेल होंगे

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक को लेकर जारी मार्गदर्शिका व कार्ययोजना के अनुसार छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल प्रतियोगिता दो श्रेणी में होंगे। इसमें खेल विधाओं के लिहाज से दलीय व एकल श्रेणी निर्धारित किया गया है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 में 14 प्रकार के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है। इसमें दलीय श्रेणी गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल है।

गांव से राज्य तक 6 स्टेज में आयोजन

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में छह स्तर निर्धारित किए गए हैं। इन स्तरों के अनुसार ही खेल प्रतियोगिता के चरण होंगे। इसमें गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। फिर विकासखंड/नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।


इन तिथियों में होंगे विभिन्न स्तरों के आयोजन

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक होंगे। वहीं जोन स्तर के आयोजन 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2022 तक खेले जाएंगे। विकासखंड स्तर पर खेल 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित किए जाएंगे। जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक प्रतियोगिताएं होंगी। संभाग स्तर पर आयोजन 5 दिसम्बर से 14 दिसम्बर के बीच होगा। वहीं राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का अंतिम चरण 28 दिसम्बर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा।

बच्चों से बुजुर्ग तक ले सकेंगे हिस्सा

छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, फिर 18-40 वर्ष आयु सीमा तक, वहीं तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है। इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी होंगे।

Next Story