CG में ED-IT छापा: सीएम भूपेश बघेल ने क्यों बोला कि जल्द ही यहां पड़ेगा छापा... पढ़ें यह खबर...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जल्द ही ईडी (इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट) और आईटी (इन्कम टैक्स) डिपार्टमेंट का छापा पड़ सकता है। यह हम नहीं कह रहे, बल्कि सीएम भूपेश बघेल ने यह आशंका जताई है कि यहां जल्द ही ईडी और आईटी का छापा पड़ सकता है।
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले का उद्घाटन कर लौटे सीएम बघेल ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'झारखंड के विधायक यहां ठहरे हुए हैं। हमने स्वागत किया है। भाजपा के लोग विरोध कर रहे हैं। मुझे मेरे शुभचिंतकों ने बताया कि बहुत जल्दी यहां ईडी और आईटी का छापा पड़ सकता है। मैंने पहले भी कहा था। अभी भी कह रहा हूं। पहले भी ईडी-आईटी का छापा पड़ता रहा है।'
आरएसएस के अखिल भारतीय समन्वय बैठक में सर संघ चालक डॉ. मोहन भागवत सहित अखिल भारतीय पदाधिकारियों को चीला-फरा खिलाने के सवाल पर सीएम ने कहा कि यह अच्छी बात है कि वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अपना रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पोरा के दिन आए थे तो उन्होंने नंदिया बैल की पूजा की। पहले छत्तीसगढ़ के पकवान और संस्कृति को नहीं अपनाते थे। अब अपना रहे, यह अच्छी बात है।
बेरोजगारी के संबंध में एक संस्था द्वारा जारी आंकड़ों पर भाजपा की आपत्ति के संबंध में सीएम ने कहा कि पहले वे यह बताएं कि केंद्र सरकार जो आंकड़े जारी करती थी, वह क्यों बंद कर दी? जिस संस्था ने आंकड़े जारी किए हैं, वह प्रमाणित संस्था है। देशभर में उपलब्ध डाटा के आधार पर ये आंकड़े जारी किए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की नीति और योजनाओं का जो प्रभाव पड़ा है, वह आंकड़ों में दिख रहा है।
सीएम ने बताया कि वनवासी क्षेत्र में लंबे समय से जिले की मांग थी। आज जब मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले का उद्घाटन हुआ, तब पूरा जिला उमड़ आया था। बच्चे, बूढ़े और महिलाएं सभी में जबर्दस्त उत्साह दिखा। 3 सितंबर को पहले सारंगढ़ बिलाईगढ़ फिर खैरागढ़ जिले का उद्घाटन होना है।
