Begin typing your search above and press return to search.

CG में देश का पहला मत्स्य अनुसंधान केंद्र: मछलियों के जेनेटिक्स में अनुसंधान के लिए 100 एकड़ क्षेत्र में बना सेंटर, थाइलैंड के वैज्ञानिक दे रहे मदद

CG में देश का पहला मत्स्य अनुसंधान केंद्र: मछलियों के जेनेटिक्स में अनुसंधान के लिए 100 एकड़ क्षेत्र में बना सेंटर, थाइलैंड के वैज्ञानिक दे रहे मदद
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ में देश में अपनी तरह का पहला मत्स्य अनुसंधान केंद्र शुरू किया गया है। बलौदाबाजार-भाठापारा जिले के रामपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में यह अनुसंधान केंद्र स्थापित है, जहां थाइलैंड के वैज्ञानिक तकनीकी सहयोग कर रहे हैं। यहां मछलीपालन करने वाले किसानों को मदद देने के साथ-साथ मछलियों के उन्नत किस्म के बीज और आहार भी उपलब्ध कराया जाएगा।

राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड की मुुख्य कार्यकारी (Chief Executive) डॉ. सी. सुवर्णा दो दिवसीय दौरे में छत्तीसगढ़ आई हैं। डॉ. सी. सुवर्णा ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम रामपुर में संचालित मछली पालन की एक्वा जेनेटिक केंद्र का अवलोकन किया। साथ ही, डॉ. सुवर्णा ने सिमगा ब्लॉक के ग्राम बाईकोनी में स्थित प्रतिदिन 100 टन उत्पादन की क्षमता वाले वृहद निजी मत्स्य आहार केंद्र का शुभारंभ भी किया। यहां मंडल एक्वाटेक प्राइवेट लिमिटेड स्थापित किया जा रहा है। डॉ. सुवर्णा ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में महिला समूहों और किसानों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया।


मुुख्य कार्यकारी डॉ. सुवर्णा ने छत्तीसगढ़ में मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मछली पालन के लिए छत्तीसगढ़ को मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। डॉ. सुवर्णा ने कहा की यह बहुत अच्छी बात है कि छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के हर घटक पर तेजी से और वैज्ञानिक तरीके से प्रगति कर रहा है। यहां महिला समूहों द्वारा जो खुले खदानों में मत्स्य पालन का कार्य प्रेरणादायी है।

एक्वा जेनेटिक के इस केंद्र की स्थापना एम हेचरी रायपुर और मनीत ग्रुप थाईलैंड के संयुक्त उपक्रम द्वारा की गई है। इस अनुसंधान केन्द्र में थाईलैंड के वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ ही प्रशिक्षण भी देंगे। लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में फैले इस अनुसंधान केन्द्र में मछली के जेनेटिक्स पर अनुसंधान के साथ-साथ तिलापिया मछली बीज का उत्पादन भी किया जा रहा है। इसके अलावा यहां मत्स्य कृषकों को मछली पालन के अत्याधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। निजी क्षेत्र में स्थापित होने वाला छत्तीसगढ़ और देश में अपने तरह का यह पहला केंद्र है।


ग्राम रामपुर में स्थापित अनुसंधान केंद्र से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के किसानों को उन्नत किस्म के मछली के बीज की की आपूर्ति हो सकेगी। इससे छत्तीसगढ़ मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से प्रगति करेगा। इसके इलावा वृहद मत्स्य आहार केन्द्र के प्रारंभ होने से प्रदेश के किसानों को स्थानीय स्तर पर कम दर पर मत्स्य आहार प्राप्त हो सकेगा।

राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड की चीफ एक्जीक्यूटिव डॉ. सुवर्णा ने सिमगा के खेरवारी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा बंद हो चुके खदानों में केज कल्चर विधि से किए जा रहे मछली पालन का भी अवलोकन किया। समूह द्वारा यहां मछली पालन के लिए 12 केज तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट की लागत 36 लाख है। इसके लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 60 प्रतिशत और डीएमएफ से 40 प्रतिशत अनुदान दिया गया है। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने रायपुर जिले के तिल्दा विकासखण्ड के ग्राम पीकरीडीह स्थित वृहद बायोफ्लोक यूनिट का का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि इसकी स्थापना के लिए कृषक अंजू मिश्रा को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 60 प्रतिशत राशि अनुदान मिला है। इस इकाई की कुल लागत 50 लाख है। इस इकाई में तीलापाईया और सिंगी मछली का पालन किया जा रहा है।

Next Story