Begin typing your search above and press return to search.

CG BJYM लड़ेगा 'सड़क' की लड़ाई: नए अध्यक्ष रवि भगत ने संभाली जिम्मेदारी, पूछा- बेरोजगारी दर न्यूनतम, फिर चपरासी के 90 पदों के लिए 2.25 लाख आवेदन कैसे?

CG BJYM लड़ेगा सड़क की लड़ाई: नए अध्यक्ष रवि भगत ने संभाली जिम्मेदारी, पूछा- बेरोजगारी दर न्यूनतम, फिर चपरासी के 90 पदों के लिए 2.25 लाख आवेदन कैसे?
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा युवा मोर्चा के नए अध्यक्ष रवि भगत ने शुक्रवार को रैली के बाद पदभार ग्रहण किया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष यशवंत जैन, संजय श्रीवास्तव, विजय शर्मा, अमित साहू के अलावा बड़ी संख्या में पदाधिकारी एकात्म परिसर में जुटे। पदभार ग्रहण के बाद रवि ने मीडिया से चर्चा की।

एकात्म परिसर में मीडिया से बातचीत में रवि भगत ने सरकार से सवाल किया कि जब बेरोजगारी दर न्यूनतम है तो फिर चपरासी के 90 पदों के लिए 2.25 लाख आवेदन कैसे आते हैं? इंजीनियरिंग और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं को चपरासी बनने के लिए परीक्षा दिलाने की नौबत क्यों आती है? चुनाव से पहले हर घर रोजगार देने का वादा किया था। 5 लाख विज्ञापन देने का दावा कर दिया, लेकिन जब विधानसभा में सवाल किया तो जवाब आया कि सिर्फ 21 हजार को ही नौकरी दे पाए हैं। रवि ने कहा कि युवाओं के मुद्दे को लेकर भाजपा सड़क की लड़ाई लड़ेगी।


कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़ ही लक्ष्य: साव

इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजयुमो के लिए आने वाले समय में एक ही लक्ष्य होना चाहिए, वह लक्ष्य है कांग्रेस मुक्त छत्तीसगढ़। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार चला-चली की बेला में है और छत्तीसगढ़ में अन्याय बढ़ गया है, जिसका अंत भाजयुमो कार्यकर्ताओं को करना है। साव ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को बधाई देते हुए निवृतमान अध्यक्ष अमित साहू के सफल कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा की युवा तरुणाई ने छत्तीसगढ़ में लगातार अन्याय करने वाली कांग्रेस की सरकार के नाक में दम कर रखा है। भाजयुमो के कार्यकर्ता लगातार अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं।


सामान्य कार्यकर्ता को पद मिलना भाजपा में संभव: रवि

रवि भगत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह भाजपा में ही संभव है कि मुझ जैसे सामान्य से कार्यकर्ता को पहले राष्ट्रीय पदाधिकारी और फिर भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए रवि ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और छत्तीसगढ़ भाजपा का आभार जताया। उन्होंने आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के लोगों के हित में आवाज बुलंद करने और प्रदेश सरकार की गलत नीतियों और छत्तीसगढ़ की जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ हल्ला बोलने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को तैयार रहने कहा।

अंधेरा छंटेगा सूरज निकलेगा कमल खिलेगा: विजय

भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। हम सब को मिलकर इतिहास दोहराना है। कमल खिलाना है। भाजयुमो के सामने लड़ाई लड़ने का सुनहरा अवसर है। भाजयुमो के एक-एक कार्यकर्ता में वह क्षमता है, जिससे अन्याय करने वाली कांग्रेस की सरकार घबराती है। अमित साहू ने भी रवि भगत को शुभकामनाएं दीं और कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश, जुनून और सहयोग के साथ-साथ पार्टी के प्रति श्रद्धा भाव से कार्य करने की अद्भुत क्षमता ने एक एक कार्यकर्ता का मुझे ऋणी बना दिया है।

Next Story