Begin typing your search above and press return to search.

CG BJP का नया चेहरा: साव की यंग ब्रिगेड तैयार; केदार, ओपी और विजय महामंत्री, रवि भगत युवा मोर्चा अध्यक्ष

प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में अनुभवी नेता शिवरतन, निर्मल बने हुए हैं। सवन्नी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। मधुसूदन यादव को भी प्रदेश की टीम में मौका।

CG BJP का नया चेहरा: साव की यंग ब्रिगेड तैयार; केदार, ओपी और विजय महामंत्री, रवि भगत युवा मोर्चा अध्यक्ष
X
By NPG News

रायपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने महीनेभर में अपनी टीम का ऐलान किया है। यंग ब्रिगेड के रूप में केदार कश्यप, ओपी चौधरी और विजय शर्मा को प्रदेश में महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। अनुभवी नेताओं के रूप में शिवरतन शर्मा, निर्मल सिन्हा, भूपेंद्र सवन्नी, मधुसूदन यादव, लखन देवांगन को शामिल किया गया है। नई टीम में भाजपा के सभी दिग्गज नेताओं के करीबियों को जगह देने की कोशिश की गई है, जिससे कोई विवाद या भेदभाव जैसी स्थिति न रहे।

प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में तीन महिला नेत्रियों को शामिल किया गया है। इसमें सरला कोसरिया, उद्धेश्वरी पैकरा और लक्ष्मी वर्मा शामिल हैं। सिर्फ प्रदेश उपाध्यक्ष के ही 8 नेताओं पर नजर डालें तो जातिगत समीकरण साधने की कोशिश की गई है। इसमें सामान्य, एसटी-एससी के साथ ओबीसी के अलग-अलग वर्गों को लिया गया है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अपने छोटे-छोटे वीडियो में राज्य सरकार के खिलाफ मुखर होकर चर्चा में आए रवि भगत को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। फिलहाल रवि युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में मंत्री के दायित्व में थे।


प्रबल प्रताप सिंह जूदेव प्रदेश मंत्री बने हुए हैं। उनके साथ-साथ पूर्व विधायक भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी को भी प्रदेश में मंत्री बनाया गया है। सीनियर नेता गौरीशंकर अग्रवाल के स्थान पर नंदन जैन कोषाध्यक्ष बनाए गए हैं। इसी तरह सुभाष राव के स्थान पर नरेश गुप्ता कार्यालय मंत्री बनाए गए हैं। मीडिया टीम में भी बदलाव किया गया है। नलिनीश ठोकने के स्थान पर अमित चिमनानी मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, अनुराग अग्रवाल को सह मीडिया प्रभारी बनाया गया है।


अजय चंद्राकर की टीम में अब दर्जनभर प्रवक्ता

भाजपा के प्रवक्ताओं की संख्या बढ़कर अब 12 हो गई है। इनमें अजय चंद्राकर मुख्य प्रवक्ता हैं। उनके साथ पूर्व मंत्री राजेश मूणत, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, रंजना साहू, अनुराग सिंहदेव, नीलू शर्मा, संदीप शर्मा, केदारनाथ गुप्ता, देवलाल ठाकुर, दीपक म्हस्के, अमित साहू और नलिनीश ठोकने शामिल हैं। म्हस्के, अमित और नलिनीश तीन नए प्रवक्ता बनाए गए हैं।

संजय श्रीवास्तव और सौरभ सिंह का प्रमोशन

नई टीम में संजय श्रीवास्तव और विधायक सौरभ सिंह का प्रमोशन हुआ है। दोनों को जिले के बाद अब संभागीय प्रभारी बनाया गया है। संगठन के नेता सांसद संतोष पांडेय को बस्तर संभाग का प्रभारी बनाया गया है। भूपेंद्र सवन्नी दुर्ग संभाग और किरण देव बिलासपुर संभाग के प्रभारी बनाए गए हैं। वहीं, संजय सरगुजा और सौरभ संभाग रायपुर के प्रभारी बनाए गए हैं।

चार नए तीन पुराने चेहरों पर दांव

पार्टी ने मोर्चा में चार नए और तीन पुराने चेहरों पर दांव लगाया है। युवा मोर्चा में रवि भगत अध्यक्ष बनाए गए हैं। किसान मोर्चा में पवन साहू और ओबीसी मोर्चा में भरतलाल वर्मा अध्यक्ष बनाए गए हैं। अल्पसंख्यक मोर्चा में इस बार रायगढ़ से शकील अहमद को मौका दिया गया है। महिला मोर्चा में शालिनी राजपूत, एससी मोर्चा में नवीन मारकंडे और एसटी मोर्चा में विकास मरकाम बने हुए हैं।

Next Story