Begin typing your search above and press return to search.

CG में नशे के कारण बढ़ रहे महिलाओं से जुड़े अपराध, महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुलिस पर गंभीर आरोप, किरणमयी नायक की तारीफ भी

CG में नशे के कारण बढ़ रहे महिलाओं से जुड़े अपराध, महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुलिस पर गंभीर आरोप, किरणमयी नायक की तारीफ भी
X
By NPG News

रायपुर। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने छत्तीसगढ़ पुलिस पर महिला उत्पीड़न के मामलों में जबरदस्ती समझौता कराने का आरोप लगाया है। पीड़ितों, महिला संगठनों और एनजीओ की प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद जो जानकारी सामने आई है, उसके हवाले से उन्होंने यह बात कही है। शर्मा ने कहा, पहले उड़ता पंजाब की बात आई, लेकिन यहां बातचीत में उन्हें पता चला कि उड़ता छत्तीसगढ़ बनता जा रहा है।

राजधानी दौरे पर आई महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि छत्तीसगढ़ से जुड़े 146 केस में पुलिस जवाब नहीं दे रही थी। इसके अलावा 10 आयोग द्वारा स्वतः संज्ञान में लिए मामले थे। इन सब मुद्दों पर छत्तीसगढ़ के डीजीपी अशोक जुनेजा से मुलाकात की, लेकिन उनका रवैया था कि यहां सब कुछ ठीक चल रहा है। उन्हें जब यह बताया कि ड्रग्स के मामले बढ़े हैं तो उनका कहना था कि यहां ड्रग्स नहीं बिकता। यह एक कॉरिडोर है। शर्मा ने कहा कि उनसे मुलाकात के बाद ऐसा लगा कि यहां पुलिस की जरूरत नहीं है, जबकि हकीकत इससे अलग है। यहां से लौटने के बाद वे मुख्य सचिव को पत्र लिखेंगी।

शर्मा ने बताया कि वह परसों से अलग अलग मामलों की सुनवाई कर रही हैं। महिलाओं और संगठन की प्रतिनिधियों से मिल रही हैं। इसमें यह बात आई कि यहां ड्रग्स की बिक्री बढ़ी है। यहां की सरकार ने नशामुक्ति का वादा किया था, लेकिन ऑनलाइन शराब बिक्री हो रही है, जिससे नशा आसानी से उपलब्ध हो रहा है। ऐसी स्थिति में महिलाओं से जुड़े अपराध में वृद्धि हो रही है। यह देखने में आया है कि पुलिस 498 ए का केस रजिस्टर करती है, लेकिन अन्य मामले जिनमें गंभीर अपराध बनता है, वह दर्ज नहीं करती, क्योंकि इससे पुलिस का काम बढ़ जाएगा।

महिला आयोग की अध्यक्ष अच्छा काम कर रहीं

राष्ट्रीय अध्यक्ष शर्मा ने छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की तारीफ की। उन्होंने कहा कि वे (नायक) वकील हैं, इसलिए विषयों को समझती हैं। हालांकि वे दोनों पक्षों के बीच समझौता करा मेंटेनेंस दिला रही हैं, यह राष्ट्रीय और राज्य महिला आयोग के कानून में नहीं है। शर्मा ने बिलकिस बानो केस के आरोपियों के स्वागत को गलत ठहराया। उन्होंने राजनीतिक लोगों पर लगने वाले महिला उत्पीड़न के आरोपों के मामले पर कहा कि वे जो भी शिकायतें आती हैं, उस पर कार्रवाई करती हैं। तमिलनाडु में एक तथाकथित भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत आई है, उसे नोटिस भेजा गया है।

Next Story