Begin typing your search above and press return to search.

बस्तर की 12 सीटों को मथेगी कांग्रेस: छत्तीसगढ़ प्रभारी पुनिया, सह प्रभारी उल्का और पीसीसी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से करेंगे बात

बस्तर की 12 सीटों को मथेगी कांग्रेस: छत्तीसगढ़ प्रभारी पुनिया, सह प्रभारी उल्का और पीसीसी अध्यक्ष कार्यकर्ताओं से करेंगे बात
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सत्ता का रास्ता बस्तर से निकलता है। इसी रास्ते से भाजपा ने 2003 में सत्ता की राह पकड़ी और 15 साल तक बने रहे। हालांकि 15 साल की सरकार में बस्तर के लोग संतुष्ट नहीं हुए भाजपा का रास्ता बंद कर कांग्रेस के लिए सत्ता के दरवाजे खोल दिए। बस्तर संभाग में 12 सीटें हैं। इन 12 सीटों पर अभी कांग्रेस के विधायक हैं।

बस्तर में जो स्थिति भाजपा की हुई, वह कांग्रेस में न हो, इसलिए सरकार की ओर से पहल की जा रही है। इसी कड़ी में अब बस्तर की 12 सीटों को ही केंद्रित कर छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया और प्रभारी सचिव सप्तगिरी उल्का 9 से 12 अक्टूबर तक बैठक कर कार्यकर्ताओं का मन टटोलेंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी रहेंगे। हाल ही में उन्होंने पदयात्रा के जरिए बस्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया था। अब प्रभारी की मौजूदगी में यह बैठक होगी।

बता दें कि हाल ही में प्रदेश प्रभारी पुनिया और प्रदेश अध्यक्ष मरकाम ने बस्तर संभाग की हारी हुई सीटों पर बैठक की थी और कार्यकर्ताओं से इन सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए आगामी रणनीति पर बातचीत की थी। इसी कड़ी में अब बस्तर के गढ़ को मजबूत करने के लिए चर्चा होगी।

कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री (संगठन) अमरजीत चावला ने बताया कि 9 अक्टूबर से प्रदेश प्रभारी व सह प्रभारी बस्तर के दौरे पर आ रहे हैं। पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम और प्रभारियों की मौजूदगी में बस्तर के कार्यकर्ताओं के साथ चार दिन मैराथन बैठकें होंगी। बस्तर के लोगों ने कांग्रेस को जो आशीर्वाद दिया है, उसे बनाए रखने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे।

छत्तीसगढ़ प्रभारी पुनिया 9 अक्टूबर को रायपुर आएंगे। कुछ देर विश्राम के बाद कांकेर जाएंगे। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर बैठकें कर रात्रि विश्राम करेंगे। 12 अक्टूबर को जगदलपुर में बैठक के बाद रायपुर के लिए रवाना होंगे और उसी दिन लखनऊ चले जाएंगे।

इन तारीखों पर होगी बैठक

9 अक्टूबर: कांकेर में कांकेर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर के विधायक, कांग्रेस पदाधिकारी व वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक।

10 अक्टूबर: सुबह 11 बजे केशकाल विधानसभा। दोपहर 2 बजे कोंडागांव, नारायणपुर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक।

11 अक्टूबर: सुबह 10 बजे चित्रकोट विधानसभा, 2.30 बजे दंतेवाड़ा और बीजापुर विधानसभा की बैठक।

12 अक्टूबर: सुबह 10 बजे जगदलपुर, बस्तर और सुकमा विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक।

Next Story