बड़ी खबर: सीएम भूपेश आज और मरकाम कल जाएंगे दिल्ली, खड़गे के पदभार ग्रहण में शामिल होंगे; राहुल गांधी...

रायपुर। देश की सबसे पुरानी पार्टी के नए मुखिया मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को पदभार ग्रहण करेंगे। इसमें शामिल होने के लिए सीएम भूपेश बघेल आज शाम छह बजे और पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम कल दिल्ली जाएंगे। पदभार ग्रहण समारोह में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से सोनिया गांधी कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अब जाकर पार्टी को नया पूर्णकालिक अध्यक्ष मिलेगा। सीएम के आज दिल्ली रवाना होने का कार्यक्रम जारी हो गया है।
नए सिरे से कार्यकारिणी का गठन
मल्लिकार्जुन खड़गे के पदभार ग्रहण के बाद कांग्रेस पार्टी में नए सिरे से कार्यकारिणी के गठन की चर्चा है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ साथ कई प्रदेश अध्यक्ष बदले जा सकते हैं। हालांकि छत्तीसगढ़ में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बदलाव की संभावना कम है। देश में छत्तीसगढ़ और राजस्थान में ही कांग्रेस की सरकार है। दोनों राज्यों में अगले साल चुनाव है, इसलिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यहां के नेताओं को जगह मिल सकती है।
