Begin typing your search above and press return to search.

CG- ढाई करोड़ से अधिक का धान खरीदी घोटाला, खरीदी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार

CG- ढाई करोड़ से अधिक का धान खरीदी घोटाला, खरीदी केंद्र प्रभारी गिरफ्तार
X
By NPG News

जांजगीर- चाम्पा। ढाई करोड़ से अधिक का धान खरीदी घोटाला करने वाले फरार खरीदी केंद्र प्रभारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने किसानों की जमीन का रकबा बढ़ा कर समर्थन मूल्य में धान खरीदी कर रकम अपने खातों में मंगवा शासन को ढाई करोड़ से अधिक का चूना लगाया था। एफआईआर के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी अश्वनी पांडेय ने ग्राम तुलसी व ग्राम किरीत के धान खरीदी केंद्र प्रभारी अजय प्रकाश नागेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। आरोपियों ने फर्जी पंजीयन नवीनीकरण व किसानों की जमीन का रकबा बढा कर 1294.71 क्विंटल धान की खरीदी किया था। जिसका समर्थन मूल्य के हिसाब से कीमत 2 करोड़ 51 लाख 4 हजार 9 सौ 82 रुपये कीमत है। इस अवैध खरीदी से लाभ प्राप्त कर कुछ किसानों की धान बिक्री की राशि उन किसानों के बैंक खाता के स्थान पर अपने साथियों के खाते में मंगवा कर संस्था प्रबंधकों ने अवैध लाभ प्राप्त किया था।

दोनो संस्था प्रबंधकों ने लोक सेवा केंद्र के कम्प्यूटर ऑपरेटर के साथ मिलकर किसानों की भूमि रकबा में अतिरिक्त रकबा जोड़कर घोटाले को अंजाम दिया था। जिस पर थाना नवागढ़ में 8 फरवरी को अपराध क्रमांक 45/22 धारा 420,34 कायम किया गया था। जिसमे विवेचना में धारा 467,468,471,120 बी ,408,409 भादवि जोड़ी गई। ग्राम किरीत के धान खरीदी केंद्र प्रभारी रामनारायण कश्यप को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि ग्राम तुलसी का धान खरीदी केंद्र प्रभारी 32 वर्षीय अजय प्रकाश नागेश फरार चल रहा था। जिसे पुलिस ने कोरबा से गिरफ्तार किया है। उससे दस्तावेज, गबन की राशि व अन्य साक्ष्य प्राप्त करने के लिए पुलिस ने न्यायलय से उसका पुलिस रिमांड मांगा है।

Next Story