Begin typing your search above and press return to search.

CG के 28 हजार करोड़ दे केंद्र: सीएम ने कहा- राज्य के हिस्से की राशि नहीं दे रहा केंद्र, 28 हजार करोड़ है बकाया

पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के आरोपों पर कहा- पहले केंद्र से ज्यादा मिलते थे, अब योजनाओं में केंद्र-राज्य की समान हिस्सेदारी

CG के 28 हजार करोड़ दे केंद्र: सीएम ने कहा- राज्य के हिस्से की राशि नहीं दे रहा केंद्र, 28 हजार करोड़ है बकाया
X
By NPG News

रायपुर, 14 अप्रैल 2022। सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार से राज्य के हिस्से का 28 हजार करोड़ देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोयला रायल्टी का 4140 करोड़ अब तक नहीं मिला है। सेंट्रल एक्साइज का 13 हजार करोड़ बकाया है। इसे केंद्र सरकार नहीं दे रही है। बीजेपी शासन के समय से ही नक्सल मोर्चे पर तैनात सीआरपीएफ के खर्चे के नाम पर राज्य के हिस्से के 11 हजार करोड़ केंद्र ने काट लिए। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान इसे नार्थ ईस्ट की तरह वेव ऑफ करने की मांग की है। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह द्वारा केंद्र सरकार से पर्याप्त राशि मिलने के आरोपों पर सीएम ने कहा कि जब वे सीएम थे, तब केंद्र की हिस्सेदारी अधिक और राज्य की कम थी, लेकिन अब केंद्र व राज्य की हिस्सेदारी बराबर है। इस साल जून महीने से जीएसटी क्षतिपूर्ति बंद करने की तैयारी है। इसे जारी रखने के लिए पीएम को पत्र लिखा है।

जमीन तलाशने के लिए आ रहे केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्रियों के दौरे के संबंध में सीएम ने कहा कि अचानक केंद्रीय मंत्री एक साथ आ रहे हैं। कुछ योजना बनाकर ही आए होंगे। जो आकांक्षी जिले हैं, उनका भ्रमण करने के लिए निकले हैं। इन जिलों के लिए भारत सरकार ने गाइडलाइन बनाई है। इसे देखेंगे। सीएम ने कहा कि इन जिलों को केंद्र सरकार कोई अतिरिक्त राशि नहीं देती। बस्तर में नक्सल प्रभावित सात जिले हैं, जो आकांक्षी जिले भी हैं, उन जिलों को हर साल 50 करोड़ दिए जाते थे। इसे 2021 से बंद कर दिया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री शाह से मुलाकात के दौरान फिर से यह राशि देने की मांग की है। सीएम ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अपनी जमीन तलाशने के लिए आ रहे हैं, ऐसा लगता है।

Next Story