CEC Rajiv Kumar Visit in Chhattisgarh: मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार वरिष्ठ अफसरों की टीम के साथ रायपुर पहुंचे

CEC Rajiv Kumar Visit in Chhattisgarh: रायपुर। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार और भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी आज शाम रायपुर पहुंचे। वे राज्य में विधानसभा आम निर्वाचन-2023 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार तथा आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का स्वामी विवेकानंद विमानतल पर स्वागत किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के साथ भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त धर्मेन्द्र शर्मा और नितेश व्यास, उप निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार साहू और आर.के. गुप्ता, वरिष्ठ प्रधान सचिव एन.एन. बुटोलिया, प्रधान सचिव एस.बी. जोशी और अवर सचिव रितेश सिंह भी आज रायपुर पहुंचे।
जानिए... सीईसी का छत्तीसगढ़ में तीन दिन का पूरा कार्यक्रम
चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोग की टीम नवा रायपुर स्थित मेफेयर होटल में रुकी है। सीईसी की बैठक भी वहीं होगी। 24 अगस्त को पहले राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। इसके बाद सीईओ रीना कंगाले व पुलिस विभाग की ओर से नोडल अफसर आईपीएस ओपी पाल से तैयारियों के संबंध में फीडबैक लेंगे।
25 अगस्त की बैठक काफी अहम होगी, क्योंकि इसमें सभी जिलों के कलेक्टर-एसपी शामिल होंगे। सभी को तैयारियों के साथ आने के निर्देश दिए गए हैं। इसे लेकर कलेक्टर-एसपी के दिल की धड़कनें तेज हो गई है, क्योंकि तैयारियों में कमी की स्थिति में आयोग उन्हें हटाने की भी सिफारिश कर सकता है। 26 अगस्त को चीफ इलेक्शन कमिश्नर मीडिया के साथ चर्चा करेंगे। इसके अलावा स्वीप कार्यक्रम की भी समीक्षा करेंगे।

संजीत कुमार: छत्तीसगढ़ में 23 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय। उत्कृष्ट संसदीय रिपोर्टिंग के लिए 2018 में छत्तीसगढ़ विधानसभा से पुरस्कृत। सांध्य दैनिक अग्रदूत से पत्रकारिता की शुरुआत करने के बाद हरिभूमि, पत्रिका और नईदुनिया में सिटी चीफ और स्टेट ब्यूरो चीफ के पद पर काम किया। वर्तमान में NPG.News में कार्यरत। पंड़ित रविशंकर विवि से लोक प्रशासन में एमए और पत्रकारिता (बीजेएमसी) की डिग्री।
-
Home
-
Menu
