Begin typing your search above and press return to search.

CBI के DSP को ट्रक से कुचलकर मारने की कोशिश, ड्राइवर की वजह से बची जान...केस दर्ज

CBI के DSP को ट्रक से कुचलकर मारने की कोशिश, ड्राइवर की वजह से बची जान...केस दर्ज
X
By NPG News

गोरखपुर। उत्तरप्रदेश में सीबीआई के डिप्टी एसपी रूपेश कुमार श्रीवास्तव को ट्रक से कुचलकर जान से मारने की कोशिश की गई। सीबीआई के डिप्टी एसपी का पीछा कर रहा ट्रक सड़क किनारे रखे गिट्टी पर चढ़कर पलट गया जिसमें दबे चालक की मौत हो गई। डिप्टी एसपी की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सीबीआई मुख्यालय से भी अफसरों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

महराजगंज जिले के श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र स्थित पिपरा लाला गांव निवासी रूपेश कुमार श्रीवास्तव सीबीआइ नई दिल्ली की शाखा में डिप्टी एसपी के रूप में तैनात हैं। रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर वह घर आए थे। रात को अपनी स्कार्पियों से गोरखपुर जाने के लिए निकले। गुलरिहा क्षेत्र में बरगदही के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कार्पियो गाड़ी में दो बार टक्कर मारी जिसमें पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने स्पीड बढ़ा देने से हादसा टला। उनकी कार में टक्कर मारने के बाद भागते समय ट्रक बरगदहीं चौराहे के पास सड़क के किनारे रखे गिट्टी के ढेर पर चढ़ने के बाद पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने डिप्टी एसपी की तहरीर पर ट्रक नंबर के आधार पर तोड़फोड़ और हत्या की कोशिश की धारा में केस दर्ज किया है।

सीबीआई डिप्टी एसपी रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह वर्तमान में कई अति संवेदनशील मामलों की जांच कर रहे हैं। इनमें पूर्ववर्ती केंद्र और राज्य सरकारों से जुड़े कई नामचीन लोग शामिल हैं।

दिल्ली के सीबीआई कार्यालय से गोरखपुर एसएसपी के पास फोन आने के बाद पुलिस हरकत में आई। एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी मौके पर गए।

शुक्रवार की दोपहर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे दुर्घटनास्थल पर पहुंचे एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने मामले की जांच शुरू की। फोरेंसिक ने ट्रक के साथ ही सीबीआइ अधिकारी की गाड़ी का टेक्निकल मुआयना कराया।

Next Story