CA के घर रेड: कार में नोटों की गड्डियां, 8.15 करोड़ कैश जब्त, भारी मात्रा में गहने और लैपटॉप भी मिले

NPG डेस्क। सीए के घर में रविवार की देर रात हुई कोलकाता पुलिस की कार्रवाई में 8 करोड़ 15 लाख रुपये नकद बरामद किये गये। रविवार सुबह हावड़ा के मंदिरतला स्थित प्रकाश मुखर्जी लेन निवासी CA शैलेश पांडेय के घर तलाशी शुरू हुई। पुलिस शैलेश पांडेय और उसके भाई अरविंद पांडेय के घर में पहले भी तीन बार छापेमारी कर चुकी है। छापेमारी में सोमवार सुबह तक भारी मात्रा में सोने और हीरे के जेवर समेत नकदी बरामद हुए। हेयरस्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई।
इस छापेमारी के बाद पुलिस की ओर से शैलेष और उसके भाई अरविंद पांडे के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया या है। बताया जा रहा है कि शैलेष ने दो बैंकों के खाते में 20 करोड़ रुपए से अधिक जमा कर रखे हैं। इन खातों को भी सीज करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस की टीम शैलेष और उसके भाई अरविंद की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों फिलहाल फरार हैं।
कोलकाता पुलिस के जासूसी विभाग की एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन ने 15 अक्टूबर की आधी रात को हावड़ा में छापेमारी की। इस छापेमारी के दौरान 2 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए। ये बरामदगी एक कार से हुई। इसके बाद पुलिस हावड़ा के शिवपुर स्थित शैलेष पांडेय के फ्लैट पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक फ्लैट लॉक था तो दरवाजा तोड़कर पुलिस की एंटी बैंक फ्रॉड सेक्शन टीम जब फ्लैट के अंदर दाखिल हुई तो भारी मात्रा में नकदी के साथ ही हीरे, सोने-चांदी के जेवर भी मिले। शैलेष पांडेय के आवास से 5.95 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। कोलकाता पुलिस ने शैलेष पांडेय की कार और आवास से 8.15 करोड़ रुपये नकद और जेवर जब्त किए हैं।
केनरा बैंक के एक बैंक खाते में जब बैंक के कर्मचारी को संदिग्ध लेनदेन का अंदेशा हुआ तो बैंक प्रशासन ने इस बैंक अकाउंट पर नजर रखनी शुरू कर दी और इसके बाद लालबाजार थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद पुलिस की जासूसी विभाग की एंटी बैंक फ्रॉड टीम ने इस मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस इस पूरे मामले में सर्च ऑपरेशन चला रही है। यह सर्च ऑपरेशन अलग-अलग जहों पर चल रहा है।
बता दें कि आरोपी का बैंक खाता केनरा बैंक की नरेंद्रपुर शाखा में है। यहां पर दो फर्जी कंपनियों के दस्तावेज लगाकर बैंक अकाउंट खोला गया था। जिसमे बड़ा लेनदेन शुरू हो गया। जब बैंक अकाउंट की जांच की गई तो बड़े लेनदेन की बात सामने आई। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
