
लखनऊ 16 दिसम्बर 2021। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसके बारे में जानकर हर कोई हैरान है। यहां एक भाई ने पैसों के लालच में आकर अपनी बहन से ही शादी कर ली। अब इस शख्स के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी गई है। इस शख्स ने ये शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत की। लेकिन जब मामले का खुलासा हुआ तो सरकारी अधिकारियो के होश उड़ गए। शादी के जोड़ों का वेरिफिकेशन करने वाले जांच अधिकारियों से मामले पर जवाब मांगा गया है।
दरअसल, फिरोजाबाद स्थित टूंडला में बीते शनिवार को एक शख्स ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अपनी बहन से ही शादी कर ली थी। अबतक के जांच में यह बात सामने आई है कि इन दोनों ने योजना के तहत मिलने वाले सामान और पैसों की लालच में ऐसा किया। विवाह समारोह में कुछ नवविवाहित जोड़ों के वीडियो और फोटो इलाके के लोगों और ग्राम प्रधान तक पहुंचे तो पता चला कि यहां रिश्ते के शादीशुदा भाई ने बहन से ही शादी कर ली थी। तस्वीर सामने आने के बाद जब इसकी जांच की गई तब जाकर पूरा मामला समझ आया। इसके बाद अधिकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, इस मामले में कई अफसर भी जांच के घेरे में आ चुके हैं।
वहीं टूंडला के ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर नरेश कुमार ने बताया कि फर्जी तरीके से शादी करने वाले जोड़े के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है. इसके अलावा सरकार द्वारा दहेज में दिया गया सामान भी इनसे वापस लिया जा रहा है. इनके द्वारा प्रस्तुत किए गए आधार कार्ड की भी जांच की जा रही है.
