बीजेपी नेता के भतीजे की मौत, नदी में कर रहा था तैराकी, तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने से गई जान....

दुर्ग। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा के भतीजे की मध्यप्रदेश के नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक का नाम अविनाश वर्मा 31 वर्ष था। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बता दें कि मृतक का दो माह का एक बेटा भी है।
जानकारी के मुताबिक, अविनाश वर्मा दुर्ग के न्यू आदर्श नगर कुर्मी बाड़ा का निवासी था। कुछ दिनों पहले ही अविनाश अपने मामा के घर मंडला गया हुआ था। मामा के साथ घटना वाले दिन नदी में नहाने के लिए सभी पहुंचे थे। इस दौरान अविनाष नदी के गहरे पानी में उतरकर तैरने लगा, तभी वो तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया।
भांजे को डूबता देख मामा ने पुलिस और गोताखोर की टीम को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद टीम पहुंची और कई घंटो की तलाश के बाद अविनाश का शव पानी से निकाला गया। बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
