Begin typing your search above and press return to search.

BJP का इलेक्शन मोड: भाजपा नेताओं को प्रशिक्षण देंगे राष्ट्रीय नेता और आएसएस के पदाधिकारी, मीडिया को एंट्री नहीं... ये होगी रणनीति

तीन दिन के आवासीय सत्र में प्रदेश पदाधिकारी, सांसद-विधायकों समेत 250 सदस्य शामिल होंगे।

BJP का इलेक्शन मोड: भाजपा नेताओं को प्रशिक्षण देंगे राष्ट्रीय नेता और आएसएस के पदाधिकारी, मीडिया को एंट्री नहीं... ये होगी रणनीति
X
By NPG News

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होने के बाद भाजपा के नेताओं का इलेक्शन मोड ऑन हो जाएगा। इसकी शुरुआत तीन दिन के प्रशिक्षण सत्र से होगी। इसमें राष्ट्रीय नेताओं के अलावा आरएसएस के पदाधिकारी भी आएंगे। तीन दिन का यह सत्र आवासीय होगा, जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, सांसद-विधायकों के अलावा मोर्चा-प्रकोष्ठ व जिलों के अध्यक्ष मिलाकर 250 लोग शामिल होंगे। इस बैठक की गंभीरता का अंदाज इससे लगा सकते हैं कि सत्र के दौरान मीडिया को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

भाजपा ने आगामी चुनाव के लिए संगठन को कसने के लिहाज से हाल ही में क्षेत्रीय संगठन मंत्री के रूप में अजय जामवाल की नियुक्ति की है। संभवत: अगस्त के पहले हफ्ते में वे छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इससे पहले 29, 30 और 31 जुलाई को तीन दिन का प्रशिक्षण सत्र है। इस सत्र की शुरुआत 29 जुलाई को होगी। इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी 28 जुलाई की शाम को रायपुर आएंगे। उद्घाटन सत्र के बाद दोनों बिहार रवाना हो जाएंगे।

29 जुलाई को ही आलोक कुमार और अमित मालवीय का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद 30 जुलाई को सुधांशु त्रिवेदी, केके शर्मा आ सकते हैं। इसके अलावा वी. सतीश, मुरलीधर राव, अनिल बलूनी आदि के शामिल होने की बातें सामने आ रही हैं। उनका अधिकृत कार्यक्रम अभी नहीं आया है। 31 जुलाई को प्रशिक्षण सत्र का समापन होगा।

डबल इंजन: विधानसभा और लोकसभा की तैयारी साथ-साथ

भाजपा विधानसभा और लोकसभा दोनों ही चुनावों की साथ-साथ तैयारी में जुटेगी। केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों के पास पहुंचाने के साथ ही राज्य सरकार की नाकामियों को भी लोगों को बताया जाएगा। हाल ही में पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने यह तर्क देकर ही पंचायत विभाग के भारसाधक मंत्री का पद छोड़ा क्योंकि 8 लाख से ज्यादा ग्रामीण आवास नहीं बने। इन बातों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा डबल इंजन की सरकार बनाने पर जोर दिया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र के दौरान रणनीतिकार इन विषयों पर केंद्रित उद्बोधन देंगे। मीडिया के विशेषज्ञ बताएंगे कि मुद्दों को किस तरह लोगों के सामने रखें, जिससे उसका असर पड़े। सुधांशु त्रिवेदी सभी जिलों से आए प्रवक्ता व मीडिया पैनलिस्ट के वर्कशॉप को भी संबोधित करेंगे।

बिहार में जुटेंगे सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष


भाजपा के सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, प्रभारी और राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अहम बैठक बिहार की राजधानी पटना में होगी। 30 व 31 जुलाई को होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए एससी मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमला पाटले, किसान मोर्चा की राष्ट्रीय सचिव पिंकी शिवराज शाह, महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय, महिला मोर्चा महामंत्री बुधवार को ट्रेन से रवाना हुए। इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि राष्ट्रीय कार्यसमिति में जो योजनाएं बनाई गई थीं, उन्हें निचले स्तर पर लागू करने के लिए कार्ययोजना बताई जाएगी। इसके अलावा घर-घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाएगी।

Next Story