Big Breaking News राजधानी में आधी रात युवक की हत्या: संतोषी नगर इलाके में देर रात चाकूबाजी में एक युवक की मौत; अब तक ऐसी आधा दर्जन से ज्यादा घटनाएं

रायपुर, 10 जून 2022। राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं नहीं थम रही। गुरुवार की देर रात संतोषी नगर इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अवीवा ग्रीन सिटी डुंडा के मोहम्मद अमान खान (20 वर्ष) के रूप में हुई है। टिकरापारा पुलिस को देर रात खबर मिली और आरोपी की तलाश शुरू की गई। फिलहाल हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया गया है, जिससे अत्यधिक खून बहने से मौत हो गई। यह घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर गुड्डा होटल के पास की बताई जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की कहानी और आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी नहीं मिली है।
चाकूबाजी की इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले कुछ महीनों में आधा दर्जन से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें डंगनिया स्कूल के पीछे के इलाके में फिल्मी स्टाइल में युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारने से लेकर बैजनाथ पारा में शादी के दौरान चाकूबाजी और गोलबाजार थाने के पीछे की घटना शामिल है।
घरेलू चाकू जब्त कर लूट रहे वाहवाही
राजधानी पुलिस ऑनलाइन चाकू मंगाने वालों से चाकू जब्त कर वाहवाही लूट रही है, जबकि इसमें घरों में किचन में इस्तेमाल होने वाले चाकू भी शामिल हैं। इन सबके बावजूद चाकूबाजी की घटनाओं में कमी नहीं आई है।
