Begin typing your search above and press return to search.

भाजपा का आतंकवादियों से रिश्ता: कांग्रेस का आरोप- उदयपुर ही नहीं, जम्मू और अमरावती के आतंवादियों का कनेक्शन भाजपा से

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेरा ने तीन अलग-अलग मामलों में पकड़े गए आरोपियों का भाजपा से संबंध बताकर पूछा- ये रिश्ता क्या कहलाता है?

भाजपा का आतंकवादियों से रिश्ता: कांग्रेस का आरोप- उदयपुर ही नहीं, जम्मू और अमरावती के आतंवादियों का कनेक्शन भाजपा से
X
By NPG News

रायपुर। कांग्रेस ने भाजपा पर आतंकवादियों से रिश्ता होने का आरोप लगाया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेरा ने उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड के साथ-साथ अमरनाथ यात्रा में हमले की कोशिश के आरोप और अमरावती में केमिस्ट की हत्या के आरोप में पकड़े गए लोगों का भाजपा से सीधा संबंध बताते हुए भाजपा से सवाल किया है कि यह रिश्ता क्या कहलाता है? खेरा ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी घबराए हुए हैं। उनकी सहलियत सबके सामने आ गई है। डरा हुआ आदमी कभी ईडी के पीछे छिपेगा, कभी सीबीआई और कभी मीडिया के पीछे छिपेगा।

राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा में खेरा ने कहा कि भाजपा और आतंकवादियों के बीच जो रिश्ता सामने आया है, वह गंभीर और चिंता का विषय है। यह देश की सुरक्षा का सवाल नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा का सवाल है। आतंकवाद के मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी आतंकवाद पर कभी राजनीति नहीं होने देती, लेकिन सत्तारूढ़ दल के तार सरेआम आतंकवादियों से जुड़े हुए दिखें तो हमारा कर्तव्य है कि कुछ तथ्य छग के नागरिकों के सामने प्रस्तुत करें।

खेरा ने बताया कि उदयपुर में कन्हैयालाल की बड़ी निर्मम हत्या हुई। वह आतंकवादी घटना थी। इसमें किसी को कोई शक नहीं होना चाहिए। आतंकवादी का नाम था रियाज अटारी। नवंबर 2019 में उसने भाजपा की सदस्यता ली। सदस्यता दिलवाने वाले भाजपा के जिलाध्यक्ष व अन्य प्रबुद्ध नेता थे। राजस्थान भाजपा के कद्दावर नेता गुलाबचंद कटारिया, जो पहले गृहमंत्री भी रह चुके हैं, उनके दामाद की फैक्ट्री में काम करता था।

जम्मू कश्मीर में पिछले सप्ताह ग्रामीणों ने दो आतंकवादियों को पकड़ा। ये दोनों अमरनाथ यात्रा पर हमला करने वाले थे। उनमें से एक का नाम है, तालिब हुसैन शाह। तालिब हुसैन शाह का सरेआम अमित शाह के साथ फोटो है। देश के गृहमंत्री साथ कमरे में 20 लोग पोज देकर फोटो खिंचवा रहे थे। 00अगर गृहमंत्री को पता नहीं है कि उन 20 में से एक दुर्दांत आतंकवादी है तो यह भी एक बहुत बड़ी विफलता है। यह इंटेलिजेंस फेलियर के दर्जे में आता है। अगर पता है, फिर भी साथ है तो आप बताइए क्यों हुआ यह। यह तालिब हुसैन शाह भी भाजपा का पदाधिकारी निकला। जम्मू में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की आईटी सेल का इंचार्ज था तालिब हुसैन शाह।

खेरा ने कहा कि अमरावती में एक केमिस्ट की हत्या हुई। केमिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या का मास्टरमाइंड इरफान खान, सांसद नवनीत राणा सांसद के प्रचार में शामिल थे। नवनीत राणा के भाजपा के क्या संबंध हैं, यह सभी जानते हैं।

रमन सिंह अभूतपूर्व नेता हैं

एक सवाल के जवाब में पवन खेरा ने कहा कि क्या भाजपा चलते फिरते लोगों को भाजपा की सदस्यता दे देती है। आईटी सेल में अपॉइंटमेंट लेटर जारी कर देती है। क्या यह भी मिस्ड कॉल था। यदि इन तथ्याें के बाद भी पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह यह कहते हैं कि चलते फिरते लोग फोटो खिंचवा लेते हैं तो वे भूतपूर्व नहीं, बल्कि अभूतपूर्व नेता हैं।

कांग्रेस हिंदू आतंकवाद शब्द के खिलाफ

खेरा ने कहा कि वे हिंदू आतंकवाद शब्द के खिलाफ हूं। उन्होंने पूछा कि ये शब्द देने वाला व्यक्ति कौन था। खेरा ने बताया कि पूर्व गृह सचिव आरके सिंह ने पहली बार हिंदू आतंकवाद शब्द लिखा और बोला। आज वे भाजपा के बड़े नेता हैं। खेरा ने कहा कि आज कांग्रेस हिंदू आतंकवाद शब्द को गलत मानता है। आतंकवादी, आतंकवादी है और वह देश का दुश्मन है।

Next Story