ब्रेकिंग: शिक्षकों को ग्रेड पे बढ़ाने के आश्वासन पर आज टूट जाएगी हड़ताल, सहायक शिक्षक फेडरेशन बैकफुट पर आया

रायपुर, 28 दिसंबर 2021। सहायक शिक्षक फेडरेशन का हड़ताल अब समझौते की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। आज फेडरेशन अचानक प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला से मिलने पहुंच गया। शिक्षकों में मुख्यमंत्री से मिलवाने का आग्रह किया। बाद में शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह से मिलने पर बात हुई। शिक्षक नेताओं से संकेत हैं, हड़ताल अब खत्म की जाएगी।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह समझौता आखिर किस बात पर जाकर होगा क्या सहायक शिक्षकों ने वेतन विसंगति की बात को सामने रखकर जिस 4200 ग्रेड पे की मांग की है उसकी घोषणा सरकार की तरफ से की जाएगी या फिर केवल सहानुभूति पूर्वक विचार के आश्वासन पर हड़ताल को वापस ले लिया जाएगा। यह सवाल इसलिए खड़े हो रहे हैं कि आज बड़े ही नाटकीय घटनाक्रम के तहत सहायक शिक्षक फेडरेशन के शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर स्कूल शिक्षा सचिव आलोक शुक्ला के साथ मुलाकात की है। जबकि, आलोक शुक्ला को फेडरेशन के पदाधिकारी जमकर कोस रहे थे और यह भी कहा जा रहा था कि अब उनसे कोई बात नहीं होगी अब बात केवल और केवल मुख्यमंत्री से होगी। लेकिन फेडरेशन के पदाधिकारी एक बार फिर आलोक शुक्ला के पास बातचीत के लिए पहुंचे। और अब स्कूल शिक्षा मंत्री से उनकी चर्चा आलोक शुक्ला ही करवा रहे हैं।
बहरहाल यक्ष प्रश्न यह है कि जिस बात को लेकर इतने दिनों तक आंदोलन किया गया क्या उसकी घोषणा कुछ देर बाद होगी या फिर सहानुभूति पूर्वक आश्वासन पर ही संतुष्टि जताते हुए हड़ताल को वापस ले लिया जाएगा या फिर आंदोलन जारी रहेगा । अंजाम चाहे कुछ भी हो लेकिन सहायक शिक्षक फेडरेशन शीतकालीन अवकाश के अंतिम दिन बैकफुट पर नजर आ रहा है।
