असिस्टेंट प्रोफेसर सस्पेंड: हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक उदाहरण, यूनिवर्सिटी ने असिस्टेंट प्रोफेसर को सस्पेंड किया
मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान बेहद आपत्तिजनक उदाहरण देने के मामले में पुलिस थाने में भी शिकायत

लखनऊ, 07 अप्रैल 2022। हिंदू देवी देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक उदाहरण के मामले में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ने जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. जितेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया है। जितेंद्र कुमार पर आरोप है कि उसने क्लास रूम में स्टूडेंट्स के सामने पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में बेहद आपत्तिजनक उदाहरण दिए। स्टूडेंट्स की शिकायत के बाद विभाग के डीन ने इसकी रिपोर्ट कुलपति को दी। कुलपति के निर्देश पर रजिस्ट्रार ने डॉ. जितेंद्र को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं, यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र डॉ. निशित शर्मा ने अलीगढ़ थाने में रिपोर्ट लिखाई है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। यह घटनाक्रम 5 अप्रैल का है। यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता उमर पीरज़ादा ने मीडिया से चर्चा में कहा है कि डॉक्टर जितेन्द्र कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है। मेडिकल कॉलेज के डीन प्रोफ़ेसर राकेश भार्गव की सिफारिश पर दो सदस्यीय जांच समिति बनाई गयी है जो आरोपों की जांच करेगी।
