यूक्रेन में एक भारतीय छात्र की मौत... MBBS करने गया था 22 वर्षीय छात्र... खारकीव में रूसी बमबारी में गई जान

नईदिल्ली 1 मार्च 2022. यूक्रेन में रूसी हमलों से हालात अब बद से बदतर होते जा रहे हैं. ऐसे ही एक हवाई हमले में खारकीव में भारतीय छात्र की मौत हो गई है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने दी है। रूसी हमले में मारे गए भारतीय छात्र का नाम नवीन शेखरप्पा 22 वर्ष था। वह कर्नाटक का रहने वाला था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया, 'हम गहरे दुख के साथ इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि आज सुबह खरकीव में हुई बमबारी में एक भारतीय स्टूडेंट की मौत हो गई। मंत्रालय भारतीय छात्र के परिवार के संपर्क में है। हम परिवार से अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।'
प्रवक्ता ने बताया है कि विदेश मंत्रालय लगातार रूस और यूक्रेन के राजदूतों के साथ संपर्क में है और भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए सुरक्षित रास्ता निकाला जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई छात्र अब भी खारकीव समेत दूसरे शहरों में फंसे हैं। रूस और यूक्रेन में मौजूद राजदूत भी इसी तरह के प्रयास में जुटे हैं।
पिछले छह दिनों से रूस के यूक्रेन (Russia attack on ukraine) पर हमलों के बीच भारत अपने फंसे हुए छात्रों (Indian students in Ukraine) को वापस लाने के लिए तेजी से काम कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी (Pm modi) ने मंगलवार को यूक्रेन संकट को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। उन्होंने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को लाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन गंगा की जानकारी दी। सोमवार को, विदेश मंत्रालय ने बताया था कि भारत ने शुरुआती एडवाइजरी जारी करने के बाद से अब तक 8,000 से अधिक नागरिकों को निकाला है।
