अमेरिका जैसी भारत में दिल दहला देने वाली घटना, शूटर्स ने राह चलते लोगों पर की अंधाधुंध फायरिंग, एक मौत, 10 घायल... सात पुलिसकर्मी निलंबित

NPG डेस्क: बिहार के बेगूसराय जिले में सनकी शूटर्स ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस दौरान 11 लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई। अमेरिका में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं, पर बिहार में ऐसी पहली घटना है, जब दो अपराधी बाइक चलाते हुए करीब 30 किलोमीटर का सफर तय करता है और इस दौरान रास्ते में आने वाले लोगों को गोलियां मारता जाता है। गोली मारने की पहली घटना शाम करीब 5.15 बजे बछवाड़ा में हुई, जहां बाइक सवार अपराधियों ने गोधना गांव के समीप मंसूरचक थाना क्षेत्र के गोविंदपुर ओरियामा निवासी राजेश महतो के 22 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार को गोली मारकर घायल कर दिया।
बेगूसराय पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एक जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों अपराधियों की तस्वीर कैद हो गई है। वे एक बाइक पर सवार थे। पुलिस इस आधार पर दोनों की तलाश में जुटी है। बेगूसराय जिले में चारों ओर नाकाबंदी कर दी गई है। पटना समेत पड़ोसी जिलों में भी अलर्ट जारी हुआ है। जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
वहीँ, इस मामले में बिहार के बेगूसराय में फायरिंग मामले में बिहार सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया है। हालांकि दोनों बदमाश अब भी फरार हैं। पुलिस जगह-जगह छापे मार रही है लेकिन अपराधियों का सुराग नहीं लग रहा है।
इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दिल्ली से पटना पहुंच चुके हैं। यहां से वह बेगूसराय जाएंगे. पटना पहुंचते हैं कि गिरिराज सिंह ने बिहार सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, "बेगूसराय की घटना बिहार के लिए बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जब से महागठबंधन की सरकार बिहार में बनी है, लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था पूरी बिगड़ गई है।
गिरिराज सिंह ने कहा, "राजधानी में ही नीतीश कुमार की पुलिस अपने थाने में ही सुरक्षित नहीं है। थाने में घुसकर पुलिस वाले को मारा जा रहा है। मुख्यमंत्री को स्वीकार करना होगा कि जंगल राज आ गया है, जनता राज नहीं है। आज तक बिहार में इस तरीके की घटना नहीं हुई है।"
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार के इतिहास में यह अपने प्रकार की पहली घटना है। दो मोटरसाइकिल सवार अपराधी 11 लोगों को गोली मारते हैं। पुलिस कुछ नहीं कर पाती है. एक व्यक्ति की मौत हो गई, 10-11 लोग घायल हैं।
