कोरोना वायरस के नए वेरिएंट से भारत में अलर्ट! केंद्र ने राज्य सरकारों को किया अलर्ट, ओमीक्रॉन वेरिएंट से दुनियाभर में दहशत

नईदिल्ली 29 नवम्बर 2021। कोरोना वायरस का नया वेरिएंट Omicron सामने आने से दुनियाभर में दहशत फैल गई है. दुनिया के कई देश अलर्ट पर हैं. इसी बीच भारत में भी ताबड़तोड़ बैठकों का दौर शुरू हो गया है. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी. रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखकर सावधानी बरतने की सलाह दी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टेस्टिंग, ट्रेसिंग बढ़ाने के साथ ही कंटेनमेंट जोन पर ध्यान देने और वैक्सीन कवरेज में तेजी लाने की सलाह दी है।
सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को लिखे लेटर में केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि राज्यों को कोविड हॉटस्पॉट की निगरानी जारी रखनी चाहिए। मंत्रालय ने कहा है कि एहतियात के तौर पर जिन देशों में यह वेरिएंट पाया गया है, उनकी पहचान कर जोखिम वाले देशों के रूप में कर ली गई है और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अतिरिक्त उपाय अपनाए जाएं।
माना जा रहा है कि नया वेरिएंट अधिक तेजी से फैलने और इम्यून सिस्टम को मात देने में सक्षम है। इस वजह से कई देशों ने दोबारा यात्रा प्रतिबंधों जैसे उपायों को अपनाना शुरू कर दिया है। बोत्सवाना, हॉन्ग-कॉन्ग, साउथ अफ्रीका, के अलावा नया वेरिएंट यूके, ऑस्ट्रेलिया, चेक रिपब्लिक, इटली, जर्मनी, इजराइल और नीदरलैंड में पाया जा चुका है।
