Begin typing your search above and press return to search.

कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के बाद बदल सकते हैं कुछ जिलों के SP- कलेक्टर... मंत्रालय में पैरलल तैयार कर रहे परफॉर्मेंस रिपोर्ट, अफसरों से सीधा सवाल-जवाब करेंगे सीएम

कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के बाद बदल सकते हैं कुछ जिलों के SP- कलेक्टर... मंत्रालय में पैरलल तैयार कर रहे परफॉर्मेंस रिपोर्ट, अफसरों से सीधा सवाल-जवाब करेंगे सीएम
X
By NPG News

रायपुर, 14 अक्टूबर 2021। कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस के बाद कुछ जिलों के कलेक्टर और एसपी बदल सकते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले कलेक्टर्स की क्लास लेंगे, फिर आईजी-एसपी के कामकाज को परखेंगे। इसके लिए कलेक्टर व एसपी के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है। दूसरी ओर, मंत्रालय में भी विभागों से पैरलल जानकारी तैयार कराई जा रही है। मुख्यमंत्री का फोकस फ्लैगशिप योजनाओं के साथ-साथ लोगों से सीधी जुड़ी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर होगा, जिससे लोगों को मूलभूत जरूरतों को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।

मंत्रालय से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कई जिले ऐसे हैं, जहां योजनाओं के इम्प्लीमेंटेशन की स्थिति अच्छी नहीं है। इसमें काफी सुधार की जरूरत है। अब इतना समय भी नहीं बचा है, जिसमें सरकार अफसरों को परफॉर्मेंस सुधारने के लिए और समय दे। एक तरह से देखें तो काम के लिए सालभर का ही समय है, क्योंकि इसके बाद चुनावी समय आ जाएगा। इस दौरान कोई नया काम या योजनाएं लाकर रिजल्ट नहीं दिखा सकते। यही वजह है कि अब बचे हुए समय में सरकार उन अफसरों पर दांव लगाएगी, जो रिजल्ट ओरिएंटेड हों। जाहिर है कि 21 अक्टूबर को कलेक्टर और 22 अक्टूबर को आईजी-एसपी कांफ्रेंस में सीएम पास-फेल के हिसाब से रिव्यू करेंगे। इसके बाद कमजोर परफॉर्मेंस वाले अफसरों को बदला जा सकता है।

कवर्धा कलेक्टर-एसपी पर सबकी नजर

फिलहाल सबकी नजर कवर्धा जिले की ओर टिकी हुई है। इतनी बड़ी घटना के लिए क्या पुलिस या प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया जाएगा या काम के आधार पर सरकार अभयदान दे सकती है। इसमें यह भी देखना होगा कि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और वन मंत्री मोहम्मद अकबर गुरुवार को कवर्धा दौरे के बाद सीएम के सामने क्या पक्ष रखते हैं। कुछ जिलों में स्थानीय विधायक और कार्यकर्ताओं की भी शिकायतें हैं, जिनकी गंभीरता के आधार पर सरकार अफसरों को बदलने या बनाए रखने पर फैसला कर सकती है।

Next Story