56 करोड़ कैश, 32 किलो सोना: कारोबारी और बिल्डर के ठिकानों पर IT की छापेमारी में मिला नोटों का जखीरा, कैश गिनते गिनते अधिकारियों के छुटे पसीने...

मुंबई। महाराष्ट्र में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कारोबारी के यहां आयकर विभाग की ओर छापेमारी में भारी कैश और बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है। स्टील कारोबारी और रियल इस्टेट डेवलपर के परिसरों से लगभग 100 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति, 56 करोड़ नकद, 32 किलोग्राम सोना, हीरे-मोती और संपत्ति के कागजात मिले हैं। ठिकाने से बरामद नगदी इतनी ज्यादा थी कि अधिकारियों को इसे गिनने में 13 घंटे का समय लगा। कारोबारी के यहां रेड कार्रवाई एक से 8 अगस्त तक जारी थी।
इस कार्रवाई में 250 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। आयकर विभाग ने अपनी टीम को पांच अलग-अलग भागों में बांट रखा था और छापेमारी के लिए 100 से ज्यादा गाड़ियों का इस्तेमाल किया। कपड़ा और स्टील कारोबारी के घर से मिले कैश को जालना के ही स्थानीय स्टेट बैंक की शाखा में ले जाकर गिना गया। बुधवार सुबह 11 बजे से कैश गिनने का काम शुरू हुआ और रात करीब एक बजे तक कैश गिनने का काम खत्म हुआ। आयकर विभाग को सूचना मिली थी कि जालना के चार स्टील कंपनी के व्यवहार में अनियमितताएं हैं, जिसके बाद आयकर विभाग एक्शन में आया। आईटी की टीम ने घर और कारखानों में छापेमारी की। हालांकि घर में टीम को कुछ नहीं मिला, लेकिन शहर के बाहर फार्महाउस में नकदी और सोना-हीरे समेत कई कागजात बरामद हुए।
इससे पहले केंद्रीय एजेंसी ईडी की कार्रवाई में पश्चिम बंगाल में पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता मुखर्जी के घर से करीब 50 करोड़ रुपये कैश बरामद हुआ था। इसके अलावा कई प्रॉपर्टीज को भी ईडी ने अटैच किया था। एक और कार्रवाई में आबकारी टीम ने ओडिशा के गंजम जिले के लांजीपल्ली में महाराष्ट्र के एक व्यवसायी के पास से 1.22 करोड़ रुपये से अधिक नकद और लगभग 20 सोने के बिस्कुट बरामद किए।
