दुर्ग के 55 टूरिस्ट नैनीताल में फंसे, दुर्ग कलेक्टर भूरे ने नैनीताल के कलेक्टर से की बात, स्कूल में शिफ्ट कराया, सभी सुरक्षित

दुर्ग, 19 अक्टूबर 2021। उत्तराखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश में भिलाई के 55 टूिरस्ट नैनीताल में फंस गए हैं। यह खबर मिलने के बाद दुर्ग कलेक्टर डॉ. एसएन भूरे ने नैनीताल के कलेक्टर से बात कर सभी को एक स्कूल में शिफ्ट कराया है। अब सभी सुरक्षित स्थान पर हैं। कलेक्टर ने नैनीताल प्रशासन से आवश्यक व्यवस्था करने के लिए भी बात की है। बारिश थमने के बाद उनकी वापसी के लिए पहल की जाएगी। कलेक्टर की पहल के बाद भिलाई में परिजनों ने राहत की सांस ली है। बता दें कि एयरोबिक्स क्लास में टूर प्रोग्राम बनने के बाद भिलाई से 14 अक्टूबर को 44 महिलाएं, 7 पुरुष और चार बच्चों समेत 55 लोग उत्तराखंड के लिए निकले थे। वे राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली पहुंचे और 15 अक्टूबर को नैनीताल गए। वहां से कसौली घूमने के लिए गए थे, लेकिन वापसी के दौरान कैंची धाम के पास तेज बारिश में फंस गए। खाने-पीने और संपर्क का भी कोई साधन नहीं था। बारिश और भू-स्खलन में एक-दो को सामान्य चोट भी आई है।
