
पटना 17 अक्टूबर 2021। पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के रामनगरी स्थित बसंत कॉलोनी में अपराधियों के द्वारा चलाई गोली का शिकार बनीं चर्चित मॉडल मोना राय की मौत हो गयी है. मोना राय को पिछले दिनों नवरात्र में अपराधियों ने उनके घर के सामने ही गोली मार दी थी. मोना राय की मौत के बाद से पटना पुलिस (Patna Police) के हाथ अब तक खाली हैं और उसकी मौत ने पटना पुलिस की परेशानियां बढ़ा दी है. पुलिस इस गोली काण्ड मामले का उद्भेदन करने के लिए जिस थ्योरी पर काम कर रही थी उसकी पुष्टि मॉडल ही कर सकती थी लेकिन आखिरकार पुलिस घटना के कारणों की तह तक जाने की पुष्टि मोना राय से नहीं करा सकी और उसकी मौत के साथ ही गोलीकांड के कारणों का राज दफन हो गया.
बेटी के सामने बदमाशों ने मारी थी गोली
राजीव नगर थाना क्षेत्र के रामनगरी बसंत कॉलोनी की रहने वाली 36 साल की मोना राय पेशे से मॉडल थीं और शहर में उनका अच्छा खासा नाम था। बदमाशों ने अनीता को उनकी 12 साल की बेटी के सामने उनके दरवाजे पर ही गोली मारी थी। घटना उस वक्त हुई जब वे मंदिर से स्कूटी से घर पहुंची थीं। मॉडल 2020 में मिसेज बिहार की प्रतिभागी रही हैं। वहीं उनके पति सुमन फोटो कॉपी की दुकान चलाते हैं।
आज सुबह में हुई मौत
राजीव नगर थानेदार सरोज ने मोना राय की मौत की पुष्टि की है। उनका कहना है कि इलाज के लिए मोना को IGIMS में भर्ती कराया गया था। उनकी रविवार की सुबह चार बजे मौत हो गई। पुलिस के अनुसार इस मामले में जांच तेज कर दी गई है।
प्रेम संबंध के एंगल से भी हो रही जांच
पुलिस के अनुसार प्रेम संबंध भी घटना के कारणों में से एक हो सकता है। वहीं मोना राय की मौत के बाद उनके बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस वक्त अपराधियो ने मोना को गोली मारी थी उस वक्त उसकी बेटी भी उसके साथ थी और वो बाल-बाल बच गई थीं।
गौरतलब है कि दो साल पहले से मॉडलिंग के क्षेत्र में मोना काम कर रही थीं. 2021 में मिस एंड मिसेस ग्लोबल बिहार में रनर अप भी रह चुकी थी. उनके पति सुमन कुमार बोरिंग रोड स्थित कैनन कंपनी के डीलर के यहां सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं. पति ने बताया कि मेरी पत्नी टिक-टॉक भी बनाती थी. साथ ही वह मॉडलिंग भी करती थी. उन्होंने बताया कि 2006 में अनीता के साथ शादी हुई थी.
