Begin typing your search above and press return to search.

Kriti senon birthday (27 July) : बाॅलीवुड की परम सुंदरी 'कृति' हैं हाइली क्वालिफाइड, कथक और बाॅक्सिंग में भी हैं निपुण, जानिए जन्मदिन पर उनके बारे में खास बातें...

Kriti senon birthday (27 July) : बाॅलीवुड की परम सुंदरी कृति हैं हाइली क्वालिफाइड, कथक और बाॅक्सिंग में भी हैं निपुण, जानिए जन्मदिन पर उनके बारे में खास बातें...
X
By Gopal Rao

मुंबई I बाॅलीवुड की 'परम सुंदरी' कृति 27 जुलाई को अपना बर्थडे मना रही हैं। एक आउटसाइडर होने के बावजूद करीब नौ साल की अपनी बाॅलीवुड जर्नी में उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। फिल्म मिमी और बरेली की बर्फी में उनके अभिनय की बहुत सराहना हुई। उनका लंबा-छरहरा शरीर और खूबसूरत डांस भी उनके लिए प्लस प्वाइंट है। कम ही लोग जानते हैं कि कृति इंजीनियर, बाॅक्सर और प्रशिक्षित कथक नृत्यांगना भी हैं। छोटी सी उम्र में उन्होंने 'ब्लू बटरफ्लाई फिल्म्स' के नाम से अपना बैनर भी शुरू किया है। जिसके माध्यम से वे सरल और दिल छूने वाली कहानियां दर्शकों तक पहुंचाने की इच्छा रखती हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर उनसे जुड़ी खास बातें जानते हैं।

पापा सीए तो माँ हैं प्रोफेसर

कृति के पापा राहुल सेनन एक सीए हैं तो माँ गीता सेनन दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर। 27 जुलाई 1990 में जन्मी कृति ने दिल्ली पब्लिक स्कूल से स्कूलिंग की और जेपी इन्स्टीट्यूट आफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी काॅलेज से कृति ने इलेक्ट्रोनिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन में बीटेक किया। उनकी एक छोटी बहन नूपुर भी हैं जिन्हें अक्षय कुमार के साथ 'फिलहाल' एल्बम में दर्शकों ने नोटिस किया और सराहा।

बहन की क्लिक की हुई फोटो बनी ज़िंदगी बदलने का ज़रिया

कृति अपनी पढ़ाई कंप्लीट करने में जुटी थीं। इसी बीच उनकी छोटी बहन नूपुर ने उनकी एक खूबसूरत फोटो क्लिक की। जब कृति के दोस्तों ने वह फोटो देखी तो उन्होंने कृति को मॉडलिंग में दुनिया में किस्मत आजमाने का सुझाव दिया। किस्मत कृति को बाॅलीवुड की ओर खींच रही थी। उन्होंने वेबसाइट पर एक काॅन्टेस्ट देखा और उसमें वही फोटो भेज दी और वे जीत भी गईं। उन्होंने अपनी बीटेक की पढ़ाई के साथ-साथ 2009 में मॉडलिंग करना भी शुरू कर दिया था।

इस जीत के बाद उन्हें डब्बू रतनानी जैसे नामी फोटोग्राफर के द्वारा स्वतंत्र पोर्टफोलियो मिला और एक प्रतिष्ठित मॉडलिंग एजेंसी के साथ 1 साल का अनुबंध भी मिला। यहां से आगे बढ़ना कृति के लिए आसान रहा।

कृति को मिले बहुत सारे विज्ञापन

कृति को रिलायंस ट्रेंड्स, अमूल आइसक्रीम, कैडबरी, क्लोज अप टूथपेस्ट, होंडा ब्रियो, हिमालया फेस वाश जेल, विवेल, इंडिया लाइफ इंश्योरेंस, सैमसंग, हीरो, काया स्किन क्लिनिक जैसे अनेक विज्ञापनों में देखा गया। विज्ञापन और स्पाॅन्सरशिप उनकी आय का बड़ा हिस्सा हैं।

हीरोपंती में टाइगर श्राॅफ के साथ किया बाॅलीवुड डेब्यू

यूं तो कृति का एक्टिंग करिअर 2014 में तेलुगू फिल्म नानोक्काडाइन से शुरू हुआ लेकिन उनकी बाॅलीवुड में एंट्री फिल्म 'हीरोपंती' में टाइगर श्राॅफ के साथ हुई। खासकर जैकी श्राॅफ के बेटे टाइगर को प्रमोट करने के लिए बनाई गई फिल्म होने के बावजूद कृति को दर्शकों और फिल्म निर्माताओं ने नोटिस किया और उनके लिए बाॅलीवुड में पैर जमाना संभव हो गया। अक्षय कुमार की फिल्म “सिंह इज़ ब्लिंग” (2015) के लिए वे पहली पसंद थीं, लेकिन उन्होंने इस फिल्म में काम नहीं किया। हीरोपंती के बाद कृति ने बरेली की बर्फी, लुका छिपी, राब्ता, दिलवाले, पानीपत, हाउसफुल 4, बच्चन पांडे, मिमी, भेड़िया आदिपुरुष जैसी बड़ी फिल्मों में काम कर अपनी अच्छी खासी पहचान बना ली।

ये गाने हैं बड़े हिट

आओ कभी हवेली पे, चल वहां जाते हैं, ट्विस्ट कमरिया, स्वीटी तेरा गाना, परम सुंदरी, मैं तेरा ब्वाय फ्रैंड, मन मा इमोशन जागे, तू लौंग मैं इलाची, नज़्म - नज़्म, कोका कोला तू, जैसे कृति के गानों ने चार्ट बस्टर्स में अपनी जगह बनाई।

केआरके ने कहा 'पनौती'

कृति की कई फिल्में फ्लाॅप भी रहीं और कमाल आर खान ने अपनी टिप्पणियों में उन्हें फिल्मों के लिए पनौती और महापनौती तक कह दिया जिसका कृति के फैंस ने करारा जवाब दिया। टीका-टिप्पणियों से बेअसर कृति अपने आने वाले प्रोजेक्ट पूरे करने में मसरूफ हैं। जल्द ही वे गणपत, सेकंड इनिंग्स, एक अनाम रोम-काॅम रोबोटिक फिल्म, आनंद एल राय की एक रोमांटिक फिल्म में नज़र आएंगी। इनके अलावा भी उनके पास कई प्रोजेक्ट हैं। सेल्फ मेड कृति को उनके जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।


Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 11 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story