Gufi Paintal Death: 'महाभारत' के शकुनी मामा का हुआ निधन, आर्मी की नौकरी छोड़ बने थे एक्टर...फिल्मों में भी खूब छाए...

Gufi Paintal Death: मुंबई I एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर आ रही है। टीवी सीरियल 'महाभारत' के शकुनी मामा का किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर गूफी पेंटल का निधन हो गया। वे 78 साल के थे। पेंटल पिछले दो हफ्ते से मुंबई के अंधेरी स्थित अस्पताल में भर्ती थे। गूफी को दिल और किडनी संबंधी बीमारी थी। गूफी के भतीजे, हितेन पेंटल और महाभारत में उनके साथी कलाकार सुरेंद्र पाल ने निधन की पुष्टि की है।
दरअसल, एक्टर गूफी पेंटल बीमारी की वजह से लंबे समय से हॉस्पिटल में भर्ती थे। उनकी तबीयत कई दिनों से नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टर्स ने उनके इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी। लेकिन आज सुबह मुंबई के अस्पताल में 78 की उम्र में गूफी पेंटल ने आखिरी सांस ली और हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह गए. जानकारी के मुताबिक, एक्टर का अंतिम संस्कार आज दोपहर अंधेरी में होगा।
सेना छोड़कर एक्टर क्यों बने गूफी पेंटल?... गुफी पेंटल को लोग टीवी शो 'महाभारत' के शकुनी मामा के तौर पर जानते हैं। उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी। लेकिन गूफी पेंटल एक्टर बनने से पहले सेना में थे। पर उनके भाई अमरजीत पेंटल पहले से ही बॉलीवुड का हिस्सा थे। ऐसे में भाई को देखकर गूफी पेंटल भी मुंबई आ गए और एक्टर के तौर पर अपनी पहचान बनाई।
इन टीवी शोज में किया काम... गूफी पेंटल ने 'महाभारत' समेत कई टीवी शोज में काम किया था। 'अकबर बीरबल', 'सीआईडी' और 'राधा कृष्णा' जैसे तमाम शोज में वो नजर आए। लेकिन, गूफी को असली पहचान बीआर चोपड़ा के सीरियल 'महाभारत' से मिली। 'महाभारत' में शकुनी मामा का रोल निभाकर वो घर-घर में मशहूर हो गए थे। आज भी लोग उन्हें शकुनी मामा के नाम से जानते हैं. उनका किरदार ही उनकी पहचान बन गई थी।
फिल्मों में भी छाए गूफी पेंटल... फिल्मों की बात करें तो गूफी पेंटल ने 'दावा', 'सुहाग', 'देश परदेस' और 'घूम' जैसी मूवीज में अपने शानदार अभिनय से हर किसी का दिल जीत लिया था। गूफी पेंटल ने टीवी और फिल्मों में काम करने के अलावा कास्टिंग डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया। उनका आखिरी शो स्टार प्लस पर जय कन्हैया लाल की था।