फैशन डिजाइनर की मौत मामला: प्रत्युषा केस में पुलिस का नया खुलासा, सुसाइड नोट भी मिला... जानें

मुबंई 13 जून 2022 I बीते शनिवार बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक और दिल दहलाने वाली खबर सामने आई थी। मशहूर फैशन डिजाइनर प्रत्यूषा गरिमेला ने अपने घर पर सुसाइड कर लिया था। उनका शव उनके फ्लैट से पुलिस ने बरामद किया था, जिसके साथ-साथ पुलिस को कथित तौर पर चार पन्नों का एक सुसाइड नोट भी मिला था। इस सुसाइड नोट से ही पुलिस को इस केस में एक अपडेट मिली है, जिसमें उनकी मौत की वजह का खुलासा किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने रविवार को बताया कि गरिमेला (36) को उनके परिवार के सदस्यों ने शनिवार दोपहर बाथरूम में अचेत हालत में पाया था. एक कथित सुसाइड नोट में गरिमेला ने कहा है कि उनके इस कदम के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है. गरिमेला ने लिखा कि वह अकेला और तनावग्रस्त महसूस कर रही थीं तथा वह अब अपने माता-पिता पर अब और बोझ नहीं बनना चाहती हैं. पुलिस ने बताया कि गरिमेला अविवाहित थीं. वह 'प्रत्युषा गरिमेला' नाम से अपना बुटीक चलाती थीं. गरिमेला ने फिल्म जगत की हस्तियों के लिए भी फैशन डिजाइनर के रूप में काम किया.
पुलिस को शक है कि फैशन डिजाइनर ने किसी जहरीले कैमिकल को सूंघकर अपनी जान दी. रसायन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. इस रसायन के कार्बन मोनोऑक्साइड होने का संदेह है. गरिमेला 10 जून को अपने परिवार के सदस्यों को यह बताकर घर से निकली थीं कि वह अपने एक दोस्त के यहां रहने जा रही हैं और शनिवार को वापस आ जाएंगी.शनिवार सुबह जब गरिमेला के पिता ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला. शिकायत में कहा गया है कि शनिवार को दोपहर में गरिमेला के पिता को बुटीक के चौकीदार का फोन आया, जिसके बाद दरवाजे को तोड़ दिया गया, जहां गरिमेला मृत मिलीं.
