अर्जुन कपूर फैमिली में कोरोना ब्लास्ट... बहनों और जीजा के साथ अब एक्टर भी हुए कोविड-19 पॉजिटिव... करिश्मा कपूर की क्रिसमस पार्टी में हुए थे शामिल

मुंबई 29 दिसंबर 2021 I करिश्मा कपूर की क्रिसमस पार्टी में मलाइका अरोड़ा के साथ गए अर्जुन कपूर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। अर्जुन को पिछले साल भी कोरोना हुआ था। अर्जुन के अलावा उनकी बहन अंशुला कपूर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। चाचा अनिल कपूर की बेटी रिया और उनके पति करण बुलानी भी संक्रमित हैं। अर्जुन का घर बीएमसी ने सील कर दिया है। अर्जुन की आधी फैमिली के कोरोना संक्रमित होने के बाद मलाइका अरोड़ा का कोरोना टेस्ट भी किया जाएगा। हालांकि मलाइका वैक्सीन के दोनों डोज लगवा चुकी हैं। अनिल और बोनी की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। कपूर सिबलिंग्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बीएमसी ने अर्जुन कपूर के घर का सैनिटाइजेशन शुरू कर दिया है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने से पहले अर्जुन कपूर एक होटल में स्टे कर रहे थे, जहां उनके एक प्रोजेक्ट की नाइट शूटिंग चल रही थी। वे अब आइसोलेशन में हैं।
ऐसे में मलाइका अरोड़ा का भी कोरोना टेस्ट होगा। इससे पहले मलाइका के बाद ही अर्जुन कोविड पॉजिटिव हुए थे। आपको बता दें, प्रोड्यूसर बोनी कपूर भी अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। जिसके बाद उन्होंने कोरोना टेस्ट करवाया और हालांकि उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जान्हवी और खुशी कपूर का भी कोरोना टेस्ट किया जाएगा। जब करीना कपूर और अमृता के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर आई थी, तब रिया कपूर ने भी अपना टेस्ट कराया था हालांकि तब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। हाल ही में ये सभी करिश्मा कपूर की क्रिसमस पार्टी में शामिल हुए थे। करीना तो ठीक होने के एक दिन बाद ही अपने बच्चों के साथ क्रिसमस पार्टी करती दिखाई दी थीं जिसके बाद यूजर्स ने उन्हें ट्रोल भी किया था। अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर ने खबर कन्फर्म करते हुए लिखा, "हां, सुपर केयरफुल होने के बावजूद मैं कोरोना पॉजिटिव हूं। पता नहीं क्यों मेरी या किसी और के स्वास्थ्य की जानकारी खबर या गॉसिप है। यह तो सिर्फ सरकार और सरकारी संस्थाओं के लिए होनी चाहिए ताकि वे अपना काम कर सकें। यह गॉसिप साइट्स के लिए नहीं होनी चाहिए। मैं और मेरे पति आइसोलेशन में हैं और सभी प्रिकॉशन ले रहे हैं। मैं अपनी बहन को बहुत ज्यादा याद कर रही हूं। हर चीज का स्वाद बुरा लग रहा है सिवाय चॉकलेट के। मेरा सिर दुख रहा है। सभी के लिए कहूंगी कि हम ठीक हैं। हमारी तरफ से प्यार।"
करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद बीएमसी ने दोनों के संपर्क में आए लोगों को आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाने के ऑर्डर दिए थे। बीते दिनों निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने अपनी फिल्म कभी खुशी कभी गम के 20 साल पूरे होने पर एक पार्टी रखी थी। इस पार्टी में करीना कपूर खान अपनी बहन करिश्मा कपूर के साथ शामिल हुई थीं। करण जौहर की इस पार्टी में अन्य फिल्मी सितारों ने भी हिस्सा लिया था। इस पार्टी में करीना कपूर खान की खास दोस्त अमृता अरोड़ा भी शामिल हुईं थीं। बात करें ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों की तो नए वैरिएंट ओमिक्रोन का संक्रमण पूरी दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है। भारत में भी तेजी से संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। भारत में अब तक 781 ओमिक्रोन संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए देश के कई राज्यों ने पाबंदियां लगानी शुरू कर दी हैं। कई राज्यों ने तो नाइट कर्फ्यू लगाने का एलान किया है। आइये यहां जानते हैं कोरोना के इस नए वायरस के बारे में सबकुछ।
