
मुंबई, 29 अक्टूबर 2021। क्रूज ड्रग्स केस के आरोपी आर्यन खान की जमानत होने के बाद भी आज रिहाई नहीं हो सकी। दरअसल, कोर्ट से ऑर्डर की कॉपी निकलने में देर हुई और ये कॉपी शाम साढ़े 5 बजे तक आर्थर रोड की जमानत पेटी तक नहीं पहुंची। लिहाजा ऑर्डर की कॉपी जेल पहुंचने के बाद भी जमानत नहीं हो सकती। आर्थर रोड जेल के जेलर ने कहा है कि आर्यन का व्यवहार जेल में बहुत अच्छा था। लेकिन वे किसी के लिए नियम नहीं तोड़ेंगे। अब कल सुबह साढ़े 6 बजे जेल की जमानत पेटी खुलेगी। जिसके बाद ही आर्यन खान की रिहाई हो सकेगी। आपको बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आज आर्यन खान की रिहाई तय थी। एक्ट्रेस जूही चावला ने एक लाख के मुचलके के जमानत पेपर पर दस्तखत किए। लेकिन कागजी कार्रवाई को पूरी होने में देर हो गई। इधर शाहरुख खान अपने बेटे को लेने के लिए घर से निकल चुके थे। लेकिन बाद में ये खबर आई कि नियमों के तहत आज रिहाई संभव नहीं है।
