Begin typing your search above and press return to search.

आर्यन, अरबाज और मुनमुन के वकीलों ने दीं ये दलीलें, हाई कोर्ट में अब NCB की बारी....

आर्यन, अरबाज और मुनमुन के वकीलों ने दीं ये दलीलें, हाई कोर्ट में अब NCB की बारी....
X
By NPG News

मुंबई 27 अक्टूबर 2021 I शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की जमानत पर फैसला एक और दिन आगे बढ़ गया। आज सुनवाई का दूसरा दिन था। कोर्ट में आर्यन केस का नंबर 4 बजे आया। जस्टिस नितिन साम्ब्रे के सामने पहले अरबाज मर्चेंट के वकील अमित देसाई ने अपने पॉइंट्स रखे। उन्होंने कहा कि अरबाज, आर्यन और मुनमुन का मकसद खुद ड्रग्स लेना था। ये किसी साजिश हिस्सा नहीं हैं। उनके बाद अली काशिफ खान देशमुख ने मुनमुन धमेचा का पक्ष रखा। एनसीबी की तरफ से एएसजी अनिल सिंह को जिरह करनी थी। कोर्ट ने उनसे पूछा कि वह कितना वक्त लेंगे। सिंह ने जवाब दिया कि 1 घंटे में खत्म करने की कोशिश करेंगे। इस पर जज ने अगले दिन लंच के बाद सुनवाई का वक्त दिया।कोर्ट में आज अरबाज मर्चेंट का पक्ष अमित देसाई ने बेल दिलाने के लिए दलीलें दीं। उन्होंने कहा कि आर्यन खान, मुनमुन धमेचा और अरबाज तीनों किसी साजिश में शामिल नहीं हैं। ड्रग्स उनके पर्सनल यूज के लिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि जहां तक वॉट्सऐप चैट की बात है तो इससे भी कोई साजिश साबित नहीं हो रही। अमित देसाई ने कोर्ट में कहा कि सिर्फ 6 ग्राम चरस बरामद की गई लेकिन इनका कहना है कि 21 ग्राम चरस थी। उन्होंने कहा कि जमानत मिल जाने के बाद जांच कौन रोक रहा है। देसाई ने कहा, जब एनसीबी बुलाएगी, तीनों हाजिर होंगे लेकिन अब बेल मिल जानी चाहिए।

देसाई ने कहा, पहली रिमांड में भी किसी कॉन्सपिरेसी की बात नहीं कही गई थी। बाद में मजिस्ट्रेट कोर्ट से कहा गया कि साजिश थी जिसकी वजह से 8 लोगों को अरेस्ट किया गया हालांकि ऐसा नहीं हुआ था। जिस मामले में हम 20 दिन से ज्यादा वक्त कस्टडी में गुजार चुके हैं, उसमें आज तक कोई गिरफ्तारी हुई ही नहीं है, कॉन्सपिरेसी अलग अपराध है। उन्होंने कहा कि जब सजा ही 1 साल की बन रही है तो कस्टडी की क्या जरूरत है? मुनमुन धमेचा के वकील अली काशिफ खान देशमुख ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मेरी क्लाइंट फैशन मॉडल हैं। वह रैम्प वॉक करती रहती हैं। उन्हें क्रू पर एक व्यक्ति ने बुलाया था और पेमेंट का वादा भी किया था। जैसे ही वह पहुंची, रेड पड़ गई। रूम में पहले से ही दो लोग मौजूद थे। उन्होंने ये भी कहा कि मुनमुन ने कभी ड्रग्स नहीं ली।

मंगलवार को मुकुल रोहतगी ने कोर्ट में कहा था कि आर्यन के पास तो कुछ बरामद भी नहीं हुआ। अरबाज के पास चरस मिली है जिनसे उनका कोई लेना-देना नहीं। वह आर्यन के दोस्त जरूर हैं। मुकुल ने कोर्ट में कहा था कि आर्यन की जो चैट मिली है उसका क्रूज केस से कोई कनेक्शन नहीं है। आर्यन विदेश में पढ़े हैं और उनकी पुरानी चैट को एनसीबी इंटरनैशनल ड्रग लिंक बता रही है। रोहतगी ने कोर्ट से कहा कि तीनों बच्चें हैं। अगर ड्रग्स ली भी है तो सुधारगृह भेजना चाहिए, जेल नहीं।

Next Story