आर्यन खान क्रूज ड्रग्स मामले में मुंबई एनसीबी द्वारा पूछताछ के बाद, अनन्या पांडे ने पहली बार शेयर की पोस्ट.... देखें फोटोज..

मुंबई 16 नवंबर 2021 I बॉलीवुड अभिनेत्री अनन्या पांडे ने आर्यन खान ड्रग केस में एनसीबी द्वारा पूछताछ के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है। उन्होंने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर अपना एक वीडियो साझा किया है। गौरतलब है कि पिछले महीने एक्ट्रेस अनन्या पांडे से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में पूछताछ की थी। उन्हें इस केस में पूछताछ के लिए तीन बार एनसीबी दफ्तर बुलाया गया था। उसके बाद से अनन्या पांडे कुछ वक्त के लिए
सोशल मीडिया से दूर हो गई थी और इंस्टाग्राम पर उनकी उपस्थिति नहीं दिख रही थी। अब इस विवाद के बाद वह पहली बार इंस्टाग्राम पर फिर लौटी हैं। उन्होंने अपने फैंस के लिए एक वीडियो साझा किया है जिसमें वह कार के भीतर बैठी हुई दिख रही हैं और इंद्रधनुष को कैप्चर करती हुई दिख रही हैं। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, हल्की- सी बारिश के बिना आपके पास इंद्रधनुष नहीं हो सकता। एक नजर देखो।
यह वीडियो कहां शूट किया गया है अनन्या पांडे ने इस बारे में जानकारी नहीं दी है। इस खूबसूरत वीडियो में कैमरा अनन्या पांडे के हंसते हुए चेहरे से पैन होकर कार के बाहर सुदूर प्रकृति के बीच आसमान में बने इंद्रधनुष के दृश्य पर टिकता है। बाहर हरियाली है और आसमां में प्यारा सा इंद्रधनुष उभरकर आया है। इस वीडियो को 6 लाख 98 हजार से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। अनन्या के फैंस इस वीडियो पर खूब प्यार बरसा रहे हैं और तरह-तरह की टिप्पणियां भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, अनन्या पांडे को लोगों ने बहुत ज्यादा तंग किया है जबकि उनकी कोई गलती नहीं थी। वहीं कई यूजर्स उनसे इंस्टाग्राम पर वापस लौटने से खुश हैं और स्वागत कर रहे हैं। मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में पूछताछ के बाद से अनन्या एकदम से इंस्टाग्राम से दूर हो गई थी। जबकि वह इससे पहले तक इस प्लेटफॉर्म पर काफी एक्टिव रहती थीं।
इस वीडियो पर अनन्या की मां भावना पांडे ने भी कमेंट किया है। उन्होंने बेटी के इस खूबसूरत वीडियो पर दिल वाला इमोजी बनाया है। फिल्म निर्माता गुनीत मोंगा और अनन्या की दोस्त हेलेना एलेसी ने भी वीडियो पर प्यार बरसाया है। एक फैन ने लिखा, अच्छी और बुरी चीजें जिंदगी का हिस्सा हैं। स्वीकार करें। बुरा सीखने की प्रक्रिया है, आप इससे आगे निकल जाएंगे। अगर आप ऐसा करेंगे तो आपको खुशी होगी और यह अच्छी बात है।
