
मुंबई 07 मई 2022 I केजीएफ चैप्टर 2' के फैंस ने इस फिल्म के कलाकारों को भी काफी पसंद किया है लेकिन अब फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। इस फिल्म में नजर आ चुके अभिनेता मोहन जुनेजा ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। अभिनेता ने आज यानी 7 मई को अंतिम सांस ली, जिसके बाद अभिनेता के घर में मातम पसरा हुआ है।
आपको बता दें 'केजीएफ' एक्टर मोहन जुनेजा लंबे समय से बीमार चल रहे थे. 7 मई को उन्होंने बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में अखिरी सांस ली. एक्टर ने फिल्मी पर्दे पर गंभीर के अलावा कई कॉमेडी रोल निभाए हैं. अपने शानदार अभिनय के साथ उन्होंने इंडस्ट्री में एक लंबी पारी खेली है. मोहन जुनेजा के निधन की खबर आने के बाद से फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच मातम पसर गया है. शनिवार को एक्टर का अंतिम संस्कार किया जाएगा. 'केजीएफ चौप्टर 2' फिल्म में मोहन जुनेजा ने पत्रकार आनंदी के इनफॉर्मर की भूमिका निभाई थी. मोहन जुनेजा साउथ फिल्म इंडस्ट्री का चर्चित नाम हैं. उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया है. हालांकि बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में कभी उन्होंने हाथ नहीं आजमाया लेकिन केजीएफ फिल्म में अपने छोटे से किरदार से जरूर उन्होंने पहचान हासिल कर ली. एक्टर 'केजीएफ 1' और चैप्टर 2 में भी नजर आ चुके हैं. उनके निधन के बाद से सोशल मी़डिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है.
