स्थानांतरण नीति की पूर्व की इन विसंगतियों को दूर करने शिक्षक नेता विवेक दुबे ने मंत्री ताम्रध्वज साहू को लिखा पत्र....

रायपुर। सर्व शिक्षक संघ के अध्यक्ष विवेक दुबे ने गृह मंत्री तथा ट्रांसफर के लिए बनी मंत्रिमंडलीय उप समिति के प्रमुख ताम्रध्वज साहू को पत्र लिखा है। उन्होंने स्थानांतरण नीति में पूर्व की विसंगतियों के तरफ उनका ध्यान आकृष्ट किया है। पढ़िए उन्होंने पत्र में क्या लिखा है....
आपसे निवेदन है कि कर्मचारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कृप्या निम्नांकित विषयों को कर्मचारी स्थानांतरण नीति 2022 में स्थान देने की कृपा करें-
1) *एजुकेशन से ट्राइबल एवं ट्राइबल से एजुकेशन संवर्ग में खुला स्थानांतरण नीति का प्रावधान*- महोदय, पूर्व में जारी स्थानांतरण नीति में एजुकेशन से ट्राइबल एवं ट्राइबल से एजुकेशन स्थानांतरण की नीति नही होने के कारण छत्तीसगढ़ राज्य के अनेक शिक्षक/ शिक्षिकाएं एवं कर्मचारीगण वर्षों से शिक्षा विभाग के संवर्ग में कार्यरत होने के कारण आदिम जाति विभाग के संवर्ग की विद्यालयों में एवं आदिम जाति विभाग की विद्यालयों के संवर्ग में कार्यरत कर्मचारी शिक्षा विभाग की विद्यालयों में स्थानांतरित नहीं हो पा रहे हैं।
महोदय जी वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन के ट्राइबल एवं एजुकेशन दोनों ही विभागों के विद्यालयों के संचालन से संबंधित सभी कार्य यथा -पदस्थापना,पदोन्नति एवं स्थानांतरण की कार्यवाही शिक्षा विभाग के लोक शिक्षण संचालनालय,संभागीय शिक्षा कार्यालय एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के द्वारा किया जा रहा है केवल संवर्ग अलग - अलग रखा गया है।स्थानांतरण नीति में उल्लेख नहीं होने के कारण ट्राइबल संवर्ग में कार्यरत कर्मचारी का एजुकेशन संवर्ग के विद्यालय में और एजुकेशन संवर्ग में कार्यरत शिक्षक/शिक्षिकाओं का ट्राइबल में स्थानांतरण नही हो पाता है जिसके कारण वे शिक्षक/शिक्षिकाएँ वर्षो से अपने घर परिवार से दूर नौकरी करने पर विवश हैं।
कई शिक्षक/शिक्षिकाएँ अलग - अलग संवर्ग में होने के कारण पति - पत्नी होते हुए भी अलग -अलग नौकरी कर रहे हैं वहीं कई शिक्षक/शिक्षिका स्वास्थ्यगत समस्याओं से जूझते हुए भी अपने मूल निवास स्थान एवं परिवार से दूर रहकर नौकरी करने को मजबूर हैं।
अतः आपसे निवेदन है कि मानवीय पहलू को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी स्थानांतरण नीति 2022 में एजुकेशन से ट्राइबल एवं ट्राइबल से एजुकेशन स्थानांतरण की सुविधा कर्मचारियों को प्रदान करने की महती कृपा करें।
2) *पति - पत्नी आधार पर स्थानांतरण नीति* - छत्तीसगढ़ शासन के बहुत से कर्मचारी पति -पत्नी दोनो कर्मचारी के रूप में सेवा दे रहें हैं अतः स्थानातरण नीति में दोनो को एक ही जगह या आस -पास स्थानांतरण कर पदस्थापना दिया जाए।
3) कोरोना कल में अपने परिजन को खोने वाले कर्मचारियों को स्थानांतरण में विशेष महत्व प्रदान करते हुए स्थानांतरण की सुविधा प्रदान किया जाए।
4) आपसी स्थानांतरण में संवर्ग बाधा को दूर करते हुए एजुकेशन से ट्राइबल एवं ट्राइबल से एजुकेशन में आपसी स्थानांतरण की सुविधा प्रदान किया जाए।
महोदय, उपरोक्त विषयों को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण नीति 2022 का निर्माण करते हुए शिक्षक/शिक्षिकाओं को स्थानांतरण का वास्तविक लाभ प्रदान करने की महती कृपा करें।