शिक्षक निलंबित: बच्चों से शराब मंगवाता था स्कूल का गुरुजी, सस्पेंड
Teacher Suspended: आदिवासी इलाके के बड़े गुरुजी यानी प्रधान पाठक ने हद ही कर दी। खुद तो शराब पीता ही था, शराब की बोतल बच्चों से ही मंगवाने लगा। आखिरकार इसकी सजा भी मिल गई, डीईओ ने सस्पेंड कर दिया है।

Teacher Suspended: जशपुरनगर। जशपुर जिले में स्कूल के प्रधानपाठक द्वारा शराबखोरी का अनोखा ही मामला सामने आया है। इस प्रधानपाठक ने शिक्षा विभाग के सिस्टम क८ी धज्जियां उड़ा दी है। साथ ही स्कूल में पढ़ रहे बच्चों पर भी निश्चित रूप से ही गलत असर डालने वाला काम किया है।
जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ढोढ़ापानी के सरकारी स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक सुनील कुमार कुजूर पर आरोप लगता रहा है कि वह अक्सर शराब के नशे में स्कूल आता है और हंगामा करता है। हैरत की बात यह है कि यह काम वह लंबे समय से करता रहा, मगर किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की और न ही कहीं से शिकायत भी आयी। इससे प्रधानपाठक का साहस बढ़ता गया और वह बच्चों से ही स्कूल के समय में शराब की बोतल मंगवाने लगा। जब मामला सिर से ऊपर चला गया, तब जाकर शिक्षा विभाग की नींद खुली और आखिरकार मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी ने उस प्रधानपाठक को सस्पेंड कर दिया।
बताया जाता है कि इस प्रधानपाठक के कारण पूरे स्कूल का माहौल खराब हो रहा है और पढ़ाई भी प्रभावित हुई है। कई दिनों तक वह स्कूल भी नहीं आता था। पालकों ने इस बात पर आक्रोश व्यक्त किया था, पर किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मामला जब बढ़ गया तब जाकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्या ने स्कूल का औचक निरीक्षण कराया। पता चला कि वह प्रधानपाठक लंबे समय से स्कूल नहीं आ रहा है। जब वहां बच्चों से पूछताछ की गई तो पता चला कि वह शराब के नशे में स्कूल आता है और फिर बच्चों को ही शराब लाने भेज देता है। इसकी पूरी रिपोर्ट विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने भेजी, जिसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठक सुनील कुमार कुजूर को तत्काल प्रभात से निलंबित कर दिया है। साथ ही विभाग के अफसरों को भी कहा गया है कि स्कूल में इस तरह की हरकत कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
