Begin typing your search above and press return to search.

Chhattisgarh News: 9 साल से अनुपस्थित शिक्षक को उसी स्कूल में करवाया जॉइन, नदारद रहने के दौरान हुआ संविलियन व वेतन वृद्धि भी, बाबू निलंबित, ड़ीईओ को नोटिस...

Chhattisgarh News: 9 साल से अनुपस्थित शिक्षक को उसी स्कूल में करवाया जॉइन, नदारद रहने के दौरान हुआ संविलियन व वेतन वृद्धि भी, बाबू निलंबित, ड़ीईओ को नोटिस...
X
By NPG News

गरियाबंद। 9 साल से लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे शिक्षक को बहाल कर दिया गया। साथ ही उन्हें उसी स्कूल में पदस्थापना दे दी गई जिस स्कूल में वह आखरी बार ड्यूटी कर गायब हुए थे। गायब रहने के दौरान उनका पंचायत विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में संविलियन कर दिया गया। साथ ही वेतन वृद्धि भी कर दी गई। अब शिकायतों के बाद कार्यभार ग्रहण करवाने के लिए नस्ती पेश करवाने वाले बाबू को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को भी नोटिस जारी किया गया है।

गेंदलाल ध्रुव विकासखंड गरियाबंद के शासकीय प्राथमिक शाला नवागढ़ में सहायक शिक्षक एलबी के पद पर पदस्थ थे। 1.11.2014 से अपने कर्तव्य से बिना किसी अधिकृत लिखित सूचना के अनुपस्थित थे। जिनको 3 मार्च 2023 को उसी स्कूल में पुनः जॉइन कर कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जिला शिक्षा अधिकारी डीएस चौहान ने जारी कर दिए थे। लगातार 9 सालों तक अनुपस्थिति के बावजूद अक्टूबर 2018 में गेंदलाल ध्रुव का संविलियन करते हुए उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग में सहायक शिक्षक एलबी बना दिया गया। यही नही निलंबन अवधि में उसकी वेतन वृद्धि भी कर दी गई। 9 साल से अनुपस्थित शिक्षक को जॉइन करवाने को संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग के कुमार ने नियम विरुद्ध माना है। उन्होंने इसके लिए गरियाबंद के जिला शिक्षा अधिकारी डीएस चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।


मिली जानकारी के अनुसार शिक्षक को 9 साल तक मानसिक रोग होने के चलते अनुपस्थित होने फिर फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर जॉइनिंग दे दिया गया। पर इस संबंध में नियमतः कोई भी छुट्टी स्वीकृत नही हुई और न ही कोई वैधानिक दस्तावेज ही पेश किए गए। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी डीएस चौहान के द्वारा मीडिया को बताया गया कि शिक्षक गेंदलाल ध्रुव के जॉइनिंग के लिए मेरी पदस्थापना के पूर्व ही दिसंबर 2022 से फाइल चलाई गई थी। जिसमे अनुपस्थिति का कारण स्वास्थ्यगत समस्या बताया गया था,फिर स्वस्थ होकर फिटनेस प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किया गया था। जिसके आधार पर उसे 3 मार्च 2023 को जॉइनिंग करवाई गई। अब मामला संज्ञान में आने पर सहायक शिक्षक एलबी गेंदलाल ध्रुव के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

बहरहाल संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग ने अनुपस्थित शिक्षक की जॉइनिंग के लिए नस्ती पेश करने वाले गरियाबंद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के लेखापाल केसी साहू को उनके द्वारा पेश नस्ती को त्रुटिपूर्ण मानते हुए निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय देवभोग में अटैच किया गया है। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी डीएस चौहान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Next Story