CG Tet News: टेट की अनिवार्यता से शिक्षकों की नींद उड़ी, प्रदेशभर के टीचर्स लामबंद....आंदोलन को लेकर 15 मार्च को राजधानी में जुटेंगे शिक्षक, सभी शैक्षिक संगठनों से की यह अपील....
CG Tet News: टेट की अनिवार्यता के खिलाफ प्रदेशभर के शिक्षक लामबंद...आंदोलन की रणनीति तय करने 15 मार्च को राजधानी में बड़ी बैठक होगी...

CG Tet News: रायपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा अर्थात टीईटी (टेट) की अनिवार्यता संबंधी खबरों ने देशभर के शिक्षकों की नींद उड़ा दी है। विगत दिनों इस संबंध के देश की राजधानी नई दिल्ली में देशभर के विभिन्न राज्यों के शिक्षक संगठनों एवं प्रतिनिधियों की एक बड़ी बैठक हुई थी। उक्त बैठक में छत्तीसगढ़ प्रदेश से शिक्षक एवं कर्मचारी नेता केदार जैन, मनीष मिश्रा एवं रविन्द्र राठौर सम्मिलित हुए थे।
इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ प्रदेश में भी भावी आंदोलन की रूपरेखा तय करने के लिए आगामी 15 मार्च को राजधानी में प्रदेश के समस्त शैक्षिक संगठनों के सभी प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, प्रदेश/जिला/ब्लाक पदाधिकारियों सहित टीईटी पीड़ित शिक्षकों को भी आमंत्रित किया गया है।
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन प्रदेश संयोजक मनीष मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राठौर एवं छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू ने प्रदेश के समस्त शैक्षिक संगठनों के प्रांताध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों से उक्त बैठक में सम्मिलित होने की अपील की है।
यह बात उल्लेखनीय है कि टीईटी (टेट) से छत्तीसगढ़ प्रदेश के 80 हजार तथा पूरे देशभर से लगभग 20 लाख से ज्यादा शिक्षकों का भविष्य संकट में आ गया है। उक्त बैठक राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित छत्तीसगढ़ राजपत्रित कर्मचारी अधिकारी संघ के कार्यालय में आगामी रविवार 15 मार्च को दोपहर 12 बजे रखी गई है। उक्त जानकारी प्रांताध्यक्ष केदार जैन, मनीष मिश्रा, रविन्द्र राठौर एवं जाकेश साहू ने दी।
