CG टीचर्स न्यूजः रायपुर में होगी शिक्षकों की महासभा, पेंशन और शिक्षकों के गंभीर विषयों पर बनेगी भविष्य की रणनीति...
CG Teachers News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शिक्षकों से जुड़े गंभीर विषयों के समाधान की दिशा में कार्ययोजना बनाने छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने महासभा का आयोजन किया है...

CG Teachers News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के हितों में रणनीति बनाने टीचर्स एसोसिएशन ने महासभा का आवाहन किया है। विशाल आमसभा का आयोजन 5 अप्रैल को रायपुर में होगा। बैठक में शिक्षक नेता समेत कई शिक्षक शामिल होंगे और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा शिक्षक संवर्ग की ज्वलंत समस्याओं और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श करने विशाल आमसभा (महासभा) का आयोजन 5 अप्रैल को राजधानी रायपुर में किया जा रहा है। बैठक शांति नगर स्थित विमतारा भवन, मधु पिल्लै चौक में आयोजित होगी।
मुख्य एजेंडा
इस महासभा का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों से जुड़े उन गंभीर मुद्दों पर रणनीति तैयार करना है जो वर्तमान में शिक्षक संवर्ग के भविष्य को प्रभावित कर रहे हैं।
चर्चा के प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं
पूर्व सेवा से पेंशन एवं पूर्ण पेंशन का अधिकार- एल बी संवर्ग के शिक्षक बिना पेंशन के सेवानिवृत्त हो रहे है
अधिकांश शिक्षक न्यूनतम पेंशन पर सेवानिवृत्त होंगे, ऐसे शिक्षकों की बढ़ती संख्या पर चिंता और समाधान की दिशा में कार्ययोजना बनेगी।
क्रमोन्नति व पदोन्नति- लंबे समय से लंबित क्रमोन्नति और पदोन्नति की प्रक्रियाओं में तेजी लाने हेतु रणनीति।
प्रशिक्षण संबंधी मुद्दे- टीईटी (TET), डीएड और बीएड प्रशिक्षण से जुड़ी समस्याओं का निराकरण।
प्रदेशाध्यक्ष की अपील
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से सभा में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है,
उन्होंने कहा-
"आज बड़ी संख्या में शिक्षक 'जीरो पेंशन' के साये में सेवानिवृत्त हो रहे हैं, यदि आज हम एकजुट होकर प्रभावी रणनीति नहीं बनाएंगे, तो आने वाले वर्षों में यह समस्या और भी विकराल हो जाएगी। संगठन की शक्ति ही हमारी जीत का आधार है।"
कार्यक्रम का विवरण
5 अप्रैल 2026
स्थान- विमतारा भवन, मधु पिल्लै चौक, शांति नगर, रायपुर।
सहभागिता- समस्त ब्लॉक, जिला एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यह आमसभा संगठन के भविष्य और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए अत्यंत निर्णायक साबित होगी। सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपने सुझाव साझा करने का आग्रह किया गया है।
