Begin typing your search above and press return to search.

CG Teacher Recruitment: 5000 शिक्षकों की भर्ती की नोटशीट को CM से मिली हरी झंडी, फाइल पहुंची फायनेंस में, इसके बाद होगी ये प्रक्रिया....

CG Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी आ गई है। स्कूल शिक्षा विभाग के भर्ती प्रस्ताव को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अनुमोदित कर दिया है। सीएम की हरी झंडी मिलने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने वित्तीय स्वीकृति के लिए नोटशीट वित्त विभाग को भेज दी है।

CG Teacher Recruitment: 5000 शिक्षकों की भर्ती की नोटशीट को CM से मिली हरी झंडी, फाइल पहुंची फायनेंस में, इसके बाद होगी ये प्रक्रिया....
X
By Gopal Rao

CG Teacher Recruitment: रायपुर। जाहिर है, सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी। इसमें से पहले चरण में पांच हजार शिक्षकों की भर्ती की जानी है। चूकि मामला मुख्यमंत्री की घोषणा का था, इसलिए स्कूल शिक्षा विभाग ने होमवर्क कंप्लीट करने के बाद भर्ती के एप्रूवल की फाइल मुख्यमंत्री को भेजी थी। मुख्यमंत्री से अनुमोदित होने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने वित्तीय स्वीकृति के लिए नोटशीट वित्त में भेजी है। चूकि मामला मुख्यमंत्री से जुड़ा है, इसलिए वित्त से भी कोई दिक्कत नहीं आएगी। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वित्तीय स्वीकृति के बाद फिर भर्ती का विज्ञापन निकालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

30 हजार शिक्षकों की होगी भर्ती

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में पांच हजार शिक्षकों की नई भर्ती होगी। हालांकि, सरकार ने कहा है कि पूरे प्रदेश में 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। मगर पहले चरण में पांच हजार नए शिक्षक भर्ती किए जाएंगे। इसके बाद फिर शिक्षकों की चरणबद्ध भर्तियां होंगी।

व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक

स्कूल शिक्षा विभाग के सीनियर अधिकारियों की मानें तो छत्तीसगढ़ में पहले चरण में जिन पांच हजार शिक्षकों की भर्ती होगी, उनमें व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक याने तीनों केटेगरी के शिक्षक शामिल होंगे। विभाग ने इसका ड्राफ्ट तैयार कर दिया है कि 5000 में से कितने व्याख्याता होंगे और कितने शिक्षक और सहायक शिक्षक। इस ड्राफ्ट को मुख्यमंत्री के पास भेजा गया है। मुख्यमंत्री ही स्कूल शिक्षा विभाग के भारसाधक मंत्री हैं। सीएम का अनुमोदन के बाद स्कूल शिक्षा विभाग भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।

व्यापम लेगा परीक्षा

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पांच हजार शिक्षकों की भर्ती परीक्षा व्यापम लेगा। इसके लिए व्यापम से बात हो चुकी है। जाहिर है, शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। इसके लिए व्यापम सहमत है। सरकार लेवल पर औपचारिकताएं पूरी होते ही व्यापम परीक्षा कार्यक्रम का ऐलान कर देगा। इसके बाद निर्धारित डेट से आवदेन भरने का काम शुरू हो जाएगा।

मापदंड का ड्राफ्ट

स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों की भर्ती का मापदंड इस बार व्यवहारिक रखा जाएगा। जरूरत के हिसाब से पिछली भर्तियों के मापदंड से इस बार बदलाव किया जाएगा। मुख्यमंत्री को भर्ती की फाइल भेजी गई है, उसमें मापदंड भी शामिल हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री के पास स्कूल शिक्षा विभाग है। सो, बिना विभागीय मंत्री के अनुमोदन भर्ती प्रक्रिया या मापदंड फायनलाइज नहीं हो सकता।

तीन साल बाद भर्ती

छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की भर्ती तीन साल बाद होने जा रही है। पिछली सरकार में 14 हजार शिक्षकों की भर्ती करने की घोषणा की गई थी। हालांकि, इतनी हो नहीं पाई। दस हजार के आसपास नए शिक्षक भर्ती किए गए। ये भर्तियां 2021 से लेकर 2023 तक चलती रहीं। इस तरह देखा जाए, तो करीब ढाई-तीन साल बाद सूबे में फिर शिक्षकों की भर्तियां होने जा रही हैं।

पिछली बार जैसी गल्तियां नहीं

पिछली भर्ती में सुप्रीम कोर्ट की स्पष्ट रोक के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने बीएड डिग्री वालों को भी सहायक शिक्षकों के लिए आवेदन करने की छूट दे दी थी। इसके लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटिशन दायर कर दिया था। बीएड वाले शिक्षकों की नियुक्ति में यह लिख दिया गया कि उनकी भर्ती सुप्रीम कोर्ट के आदेश के दायरे में रहेगी। और, जिसका डर था, वहीं हुआ। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की पुनर्विचार करने की पिटिशन खारिज कर दी। इसका नतीजा हुआ कि 2800 से अधिक सहायक शिक्षक सड़क पर आ गए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के चलते सभी को नौकरी से बाहर करना पड़ा। इसके बाद बीएड डिग्री वाले शिक्षकों का लंबा आंदोलन चला। थक-हार कर सरकार को फिर उनके लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाकर फिर से भर्ती करनी पड़ी। स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों की इस बार कोशिश है कि इस तरह की कोई नौबत न आए।

Gopal Rao

गोपाल राव: रायपुर में ग्रेजुएशन करने के बाद पत्रकारिता को पेशा बनाया। विभिन्न मीडिया संस्थानों में डेस्क रिपोर्टिंग करने के बाद पिछले 8 सालों से NPG.NEWS से जुड़े हुए हैं। मूलतः रायपुर के रहने वाले हैं।

Read MoreRead Less

Next Story