CG Teacher News: अटैचमेंट का खेल: सरकारी नियमों की परवाह नहीं, छत्तीसगढ़ के इस जिले में नहीं है अटैचमेंट पर बैन, शिक्षकों का मौजा ही मौजा
CG Teacher News: राज्य शासन ने सभी विभागों को साफतौर पर हिदायत दी है कि अब किसी भी हालत में अटैचमेंट नहीं चलेगा। यह भी हिदायत दी गई थी कि जहां अटैचमेंट है उसे तत्काल समाप्त कर कर्मचारियों व शिक्षकों को मूल पदस्थापना वाली जगह पर भेजा जाए। उत्तर छत्तीसगढ़ के संभागीय मुख्यालय में सरकारी नियमों को ताक पर रखकर आज भी अटैचमेंट का खेल शुरू है।

CG Teacher News: सरगुजा। राज्य शासन ने सभी विभागों को साफतौर पर हिदायत दी है कि अब किसी भी हालत में अटैचमेंट नहीं चलेगा। यह भी हिदायत दी गई थी कि जहां अटैचमेंट है उसे तत्काल समाप्त कर कर्मचारियों व शिक्षकों को मूल पदस्थापना वाली जगह पर भेजा जाए। उत्तर छत्तीसगढ़ के संभागीय मुख्यालय में सरकारी नियमों को ताक पर रखकर आज भी अटैचमेंट का खेल शुरू है।
राज्य शासन ने सभी विभागों के साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग में भी सलंग्नीकरण पर रोक लगा दी है। आमतौर पर शिक्षा विभाग में ही अटैचमेंट का खेल कुछ ज्यादा ही चलते रहा है। गांव के स्कूल में जाने के बजाय शिक्षक पहुंच और संबंधों के दम पर शहर के आसपास या फिर शहर के स्कूल में अटैच करा लेते हैं। स्कूलों के अलावा डीईओ और बीईओ कार्यालय में भी कमोबेश कुछ इसी तरह की स्थिति है। अटैचमेंट के बाद अपने हिसाब से दफ्तर चला रहे हैं और फाइलों को भी इसी अंदाज में सरका रहे हैं या फिर डंप कर दे रहे हैं। अंबिकापुर जिला मुख्यालय में यह खेल कुछ ज्यादा ही चल रहा है। ग्रंथालय से लेकर शहरी स्कूलों में कुछ इसी अंदाज में शिक्षक नौकरी कर रहे हैं।
बता दें कि युक्तियुक्तकरण के बाद बड़ी संख्या में शिक्षकों ने ज्वाइनिंग नहीं दी। ज्वाइनिंग ना देने वाले शिक्षकों को विभाग ने नोटिस भी जारी किया गया। तकरीबन आधा दर्जन से ज्यादा शिक्षकों को निलंबन की सजा भी सुनाई गई थी। निलंबन के बाद वापसी और शहर के आसपास के स्कूलों में पदस्थापना का खेल भी जमकर चला। एक जानकारी के अनुसार प्राथमिक शाला महतोपारा, असकला (विकासखंड लुण्ड्रा) में पदस्थ सहायक शिक्षक सुमन गुप्ता जिला ग्रंथालय अंबिकापुर में अटैच हैं। जो शासन के नियमों के विरूद्ध है। नियमों के विरुद्ध किए गए संलग्नीकरण के मामले में संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा ने कड़ा रुख अपनाया है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को अंतिम स्मरण पत्र जारी किया गया है। सहायक शिक्षक सुमन गुप्ता का जिला ग्रंथालय में संलग्नीकरण किया गया था। इस संबंध में की गई शिकायत जांच में सही पाई गई। संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय द्वारा 15 अक्टूबर और 3 नवंबर 2025 को डीईओ अधिकारी को प्रतिवेदन प्रस्तुत करने एवं शिक्षक को मूल संस्था में भारमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आज तक कोई प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए आयुक्त, सरगुजा संभाग अंबिकापुर ने भी 13 नवंबर 2025 को प्रतिवेदन भेजने के निर्देश जारी किया था।
इन शिक्षकाें का हुआ था निलंबन
निर्मला तिकी, प्रधान पाठक शा०प्रा०शा० दरिमा, अम्बिकापुर, सीमा सोनी सहायक शिक्षक एलबी शाप्राशा चठिरमा, अम्बिकापु, अंजुला श्रीवास्तव सहाशिएलबी शाप्राशा उरांवपारा, अम्बिकापुर, अल्पना गुप्ता सहा शि एलबी शाप्राशा हर्राटिकरा, अम्बिकापुर, मधु गुप्ता सहा शि एलबी शाप्राशाबिशुनपुर, अम्बिकापुर, गीता चौधरी सहा शिएलबी शा प्राशा रिखमुण्डा, अम्बिकापुर, गीता देवी सहा शि एलबी शाप्राशा रजपुरीखुर्द, अम्बिकापुर, अजय कुमार मिश्रा सहा शिएलबीशा प्राशा बांधपारा, अम्बिकापुर, बिन्दु जायसवाल सहा शिएलबी शाप्राशा टपरकेला, अम्बिकापुर, विजय कुमार सहा शिएलबी शा प्राशा सिलसिला, लुण्ड्रा, भीषम सिंह सहा शिएलबी शा प्राशा मुडापारा, अम्बिकापुर।
आत्मानंद स्कूल से सीधे पहुंचा डीईओ कार्यालय
डीईओ ने अपने आदेश में लिखा है, इस कार्यालय के आदेश 04 दिसंबर 2025 के द्वारा बृजकिशोर तिवारी सहायक ग्रेड-02 कार्यालयीन को आगामी अन्य आदेश पर्यन्त कार्यालय प्राचार्य स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट (हिन्दी माध्यम) विद्यालय गांधीनगर अम्बिकापुर में कार्य करने हेतु आदेशित किया गया था। कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा सरगुजा संभाग अम्बिकापुर के 01 जनवरी 2026 के आदेश के अनुपालन में बृजकिशोर तिवारी सहायक ग्रेड-02 को मूल पदस्थ संस्था कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी अम्बिकापुर हेतु आदेशित किया जाता है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
