Begin typing your search above and press return to search.

CG News-प्राचार्य के फर्जी हस्ताक्षर से 1 करोड़ का घोटाला... प्रभारी प्राचार्य, व्याख्याता, सहायक ग्रेड-3, चपरासी, कोषालय अधिकारी सहित 12 के खिलाफ FIR दर्ज...

Raipur Breaking News
X
By NPG News

कोरबा। स्कूल के बाबू ने प्राचार्य के फर्जी हस्ताक्षर कर 1 करोड़ रूपये से भी अधिक की राशि का आहरण कर लिया। प्राचार्य ने भी अपने फर्जी हस्ताक्षर को प्रमाणित कर दिया। बिना सत्यापित करवाये कोषालय अधिकारी- कर्मचारियों ने भी रकम का भुगतान कर दिया। सभी ने मिलकर रकम आहरण कर बंदरबांट कर लिया। जांच रिपोर्ट में पुष्टि होने पर बीईओ ने पूरे स्कूल के स्टॉफ व कोषालय के स्टॉफ पर एफआईआर करवाई है। पुलिस ने आपराधिक षड़यंत्र व धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। मामला हरदीबाजार चौकी क्षेत्र का है

पॉली ब्लॉक के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदीबाजार में शासकीय राशि के फर्जी आहरण कर गबन का बड़ा खुलासा हुआ है। यहां पदस्थ सहायक ग्रेड-3 ऋषि कुमार जायसवाल ने प्राचार्य के फर्जी दस्तखत कर राशि आहरण में मुख्य भूमिका निभाई। जिसके बाद उसे जिला शिक्षा अधिकारी ने पहले ही निलंबित कर दिया था। और मामले की प्रारंभिक जांच बिठाई। जांच में पता चला कि ऋषि कुमार जायसवाल प्रभारी प्राचार्य व्यासनारायण राठौर ( उनका मूल पद व्याख्याता है) के फर्जी हस्ताक्षर कर विभिन्न मदो में राशि जारी करने के लिए कटघोरा कोषालय में बिल लगाता था। प्रभारी प्राचार्य भी अपने फर्जी हस्ताक्षर को सत्यापित कर देते थे। जिसके बाद कटघोरा कोषालय के उपकोषालय अधिकारी मनीष कुमार देवांगन बिना बिलो का वेरिफिकेशन करवाये स्कूल के नाम से राशि जारी कर लेते थे। जिसका बाबू ऋषि कुमार जायसवाल आहरण करता था और फिर सभी मिलकर इसका बंदरबांट कर लेते थे। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग आरएन हिराधर ने अलग से टीम बना कर इसकी डिटेल से जांच करवाई।

आरोपो की पुष्टि हुई। जिसके बाद स्कूल के प्रभारी प्राचार्य से लेकर भृत्य व कोषालय के अधिकारी कर्मचारियों समेत कुल 12 लोगों पर एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए गए। निर्देशों के तहत पाली बीईओ श्यामानंद साहू ने हरदीबाजार चौकी में 1 करोड़ 4 लाख 46 हजार चार सौ रुपये के गबन की एफआईआर दर्ज करवाई है। साथ ही जांच रिपोर्ट भी सौंपा है। पुलिस ने इसके आधार पर ऋषि कुमार जायसवाल सहायक ग्रेड-3 बालक उच्चतर माध्यमिक विद्याली हरदीबाजार के अलावा स्कूल के प्रभारी प्राचार्य व्यासनारायण दिवाकर, व्याख्याता होमनाथ भारद्वाज, भृत्य भोपाल सिंह नेटी ( वर्तमान में यह भी निलंबित है), शिक्षक एलबी सुरेंद्र कुमार पटले ( वर्तमान में पूर्व माध्यमिक विद्यालय अड़ीकछार में पदस्थ है), विक्की यादव सहायक ग्रेड-3 ( वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिलाई बाजार में पदस्थ हैं ब्लॉक कटघोरा में पदस्थ हैं) के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

इनके अलावा कटघोरा उपकोषालय के उपकोषालय अधिकारी मनीष कुमार देवांगन, सहायक ग्रेड-3 दिनेश कुमार कंवर, संजू यादव, नितेश, रतन सिंह, कृष्ण कुमार जगत के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। मामले में धोखाधड़ी की धारा 420 व आपराधिक षड्यंत्र की धारा 120 बी लगाई गई है। एफआईआर के बाद सभी पर जल्द ही निलंबन की कार्यवाही भी की जा सकती हैं।

Next Story