CG Employee Cashless Medical Care: कर्मचारियों के लिए कैशलेश चिकित्सा, कर्मचारियों समेत शिक्षक संगठनों में खुशी की लहर, शिक्षक नेता बोले-सरकार...
CG Employee Cashless Medical Care: बजट में कैशलैस चिकित्सा सुविधा शामिल करने पर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों समेत शिक्षकों में ख़ुशी की लहर है। शिक्षक नेताओं ने सरकार का आभार जताया है। फेडरेशन ने सरकार के इस निर्णय को कर्मचारी वर्ग और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत देने वाला बताया है।

CG Employee Cashless Medical Care: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आज विधानसभा में बजट पेश किया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट में छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों-अधिकारियों व शिक्षकों के हित में फैसला लेते हुए कैशलैस चिकित्सा सुविधा शामिल की। सरकार के इस निर्णय का छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों, शिक्षकों ने स्वागतेय बताते हुए सरकार का आभार जताया है।
फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की ओर से हम मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। सरकार ने बजट में कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा को शामिल किया। यह निर्णय कर्मचारी वर्ग और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता से मुक्ति मिलना एक ऐतिहासिक कदम है।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ बजट 2026 में कर्मचारियों को चिंता मुक्त स्वास्थ्य सुविधा हेतु कैशलेश चिकित्सा का लाभ बजट में किया गया है, इसके लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री को धन्यवाद देते है, बजट में कैशलेश चिकित्सा का प्रावधान का स्वागतेय है। शिक्षकों को रमेश चंद्रवंशी WPS 2255/2021 एवं अन्य याचिकाओं में हाई कोर्ट द्वारा महत्वपूर्ण रूप से प्रतिपादित संविलियन से पूर्व याचिकाकर्ताओं द्वारा दी गई। दीर्घकालीन सेवाओं को अप्रासंगिक मानकर नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। मोदी की गारंटी के तहत क्रमोन्नति/समयमान हेतु निर्धारित 10 वर्ष की सेवा को एक बार (वन टाइम रिलैक्सेशन) शिथिल करते हुए 5 वर्ष किये जाने शिक्षकों की उम्मीद पूरी नही हुई है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष केदार जैन ने कहा कि कैशलेश इलाज की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री के साथ साथ स्वास्थ्य मंत्री का आभार जताया। साथ ही प्रथम नियुक्ति से सेवा गणना कर पुरानी पेंशन एवं क्रमोन्नत वेतनमान देने का मांग की है। प्रदेश संयुक्त शिक्षक संगठन ने छत्तीसगढ़ सरकार को ऐतिहासिक निर्णय के लिए भी धन्यवाद दिया है।
शालेय शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने कहा कि बजट में शासकीय सेवकों के लिए कैशलेश चिकित्सा सुविधा और बजट प्रदान करने की घोषणा का प्रथम दृष्टया स्वागत किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि कैशलेश चिकित्सा सुविधा प्रदान करने हेतु उसके नियम शर्तो के सार्वजनिक होने पर ही इस पर पूरी प्रतिक्रिया दी जा सकती है। पेंशन हेतु शिक्षक LB संवर्ग की पूर्व सेवा की गणना न होना निराशाजनक है। स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ठ विद्यालय खोले जाने का स्वागत करते हैं पर अन्य शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ सुविधाओं व साधनों में पक्षपात न हो इसका भी ध्यान रखा जाना था। इसके पहले भी आत्मानंद स्कूल खोलकर अन्य शासकीय विद्यालय के बच्चे उपेक्षित रखे गए,अपेक्षा है इस बार ऐसा न हो। जर्जर स्कूलों के लिए नवीन विद्यालय भवन का निर्माण का निर्णय सराहनीय है परंतु सरकार को ये सुनिश्चित भी करना चाहिए कि पूर्व की तरह ये बजट भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़ जाए।
